अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 उत्तराखंड जागरण | हल्द्वानी
रामपुर रोड में सड़कों को लेकर फूटा जनआक्रोश, विधायक––मेयर जनता के निशाने पर
हल्द्वानी के रामपुर रोड क्षेत्र स्थित पर्वतीय मोहल्ला, गली नंबर-11, फेस-2 में सड़कों और नालियों की बदहाली को लेकर क्षेत्रवासियों का गुस्सा मंगलवार को सड़कों पर दिखाई दिया। नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्ष 2014 के बाद से आज तक क्षेत्र में सड़कों और नालियों के निर्माण अथवा पुनर्निर्माण का कोई ठोस कार्य नहीं हुआ। बरसात के दिनों में नालियों का गंदा पानी घरों में घुस जाता है, जबकि जर्जर सड़कों के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
समाजसेवी एवं पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा ने बताया कि बार-बार मांग के बावजूद अब तक सड़कों और नालियों के लिए कोई नई धनराशि स्वीकृत नहीं की गई है। उन्होंने विधायक सुमित हृदयेश, और मेयर गजराज बिष्ट तथा पार्षद राजेंद्र अग्रवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ये जनप्रतिनिधि केवल चुनाव के समय ही क्षेत्र में नजर आते हैं, उसके बाद पांच वर्षों तक जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं रहता।
उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में किसी भी जनप्रतिनिधि ने क्षेत्रवासियों की वास्तविक स्थिति जानने की जरूरत नहीं समझी, जिससे जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
समाजसेवी विशाल वर्मा ने बताया कि वर्ष 2014 में पर्वतीय मोहल्ले के लिए आठ माह तक चले आंदोलन के बाद 37 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई थी। इसके बाद 7 दिसंबर 2024 को रामपुर रोड स्थित पानी की टंकी पर चढ़कर आंदोलन करने के बाद, तीन वर्षों के संघर्ष के उपरांत वर्ष 2025 में 28 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत हुई थी, जिससे उस समय कुछ कार्य पूरे हो सके थे। लेकिन फेस-2 की स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है।
अंजलि वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही पर्वतीय मोहल्ला फेस-2 में सड़कों और नालियों के लिए धनराशि स्वीकृत कर पुनर्निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो मातृशक्ति, बुजुर्गों और स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का घेराव किया जाएगा।
क्षेत्रवासियों ने साफ कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम चाहिए, अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा।







