अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
मेडिकल स्टोर की आड़ में नशे का खेल उजागर, SOTF–औषधि विभाग की संयुक्त कार्रवाई
नैनीताल/किच्छा। उधम सिंह नगर
उत्तराखंड को नशा मुक्त बनाने की दिशा में कुमाऊँ पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” अभियान के तहत कुमाऊँ पुलिस की एसओटीएफ टीम और औषधि विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध नशीली दवाओं के कारोबार का बड़ा खुलासा किया है।
पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से 30 जनवरी 2026 की सायं किच्छा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़िया रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर की चेकिंग की गई। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयाँ बरामद हुईं।
मौके से संतोष कुमार (26 वर्ष) निवासी छिनकी दरऊ, किच्छा को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में कुल 270 पत्ते यानी 2160 नशीले कैप्सूल बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ कोतवाली किच्छा में एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में एसओटीएफ कुमाऊँ परिक्षेत्र, वरिष्ठ औषधि निरीक्षक शुभम कोटनाला तथा किच्छा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र ने दो टूक संदेश देते हुए कहा कि मेडिकल स्टोर या किसी भी वैध व्यवसाय की आड़ में नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे तत्वों के लिए कुमाऊँ परिक्षेत्र में कोई जगह नहीं है।
कुमाऊँ पुलिस की यह कार्रवाई न केवल नशा तस्करों के लिए सख्त चेतावनी है, बल्कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने की दिशा में एक मजबूत और सराहनीय प्रयास भी है।







