बिंदुखत्ता कार रोड पर होली पर्व पर 38 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला, अंगूठा काटा — गुंडागर्दी से दहशत: अपराधी कोई भी हो सख्त कार्रवाई होगी: कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लालकुआं देखें वीडियो

अजय अनेजा -संपादक -उत्तराखंड जगरण-

बिंदुखत्ता कार रोड पर 38 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमला, अंगूठा काटा — गुंडागर्दी से दहशत

लालकुआं/नैनीताल। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के बिंदुखत्ता कार रोड पर 38 वर्षीय प्रेम प्रकाश पर कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में धारदार हथियार से उनका अंगूठा काट दिया गया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

तहरीर के अनुसार, प्रेम प्रकाश अपने घर के समीप मौजूद थे, तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि कहासुनी के बाद हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका अंगूठा कट गया। घटना के दौरान जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

परिजनों ने घायल अवस्था में उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बिंदुखत्ता कार रोड क्षेत्र में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं और गुंडागर्दी चरम पर नजर आ रही है। लोगों ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस क्षेत्र में नजर रखे हुए है।