अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
महिला दिवस की पूर्व संध्या पर सारथी फाउंडेशन ने कैंसर विशेषज्ञ डॉ. दिशा तिवारी को किया सम्मानित
हल्द्वानी।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर सारथी फाउंडेशन समिति द्वारा हल्द्वानी में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर कैंसर विशेषज्ञ डॉ. दिशा तिवारी को सम्मानित किया गया। डॉ. दिशा तिवारी पहली बार हल्द्वानी में निशुल्क कैंप करने पहुंची थीं, जहां उन्होंने लोगों को कैंसर की रोकथाम और जागरूकता को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उत्तराखंड की बेटी डॉ. दिशा तिवारी ने अपनी प्रारंभिक मेडिकल शिक्षा राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज लखनऊ से पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की और आगे चलकर मेडिसिन में डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की। चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित संस्थानों से सम्मानित किया जा चुका है। मेडिकल शिक्षा के दौरान उन्हें कुमाऊं विश्वविद्यालय और किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज से गोल्ड मेडल भी प्राप्त हुआ। इसके साथ ही उन्हें ESMO-Asia सिंगापुर से ट्रेवल ग्रांट, इंडियन कैंसर कांग्रेस मुंबई तथा ECMO चेन्नई से भी सम्मान मिला है।
व्यस्त चिकित्सा सेवाओं के बावजूद डॉ. दिशा तिवारी समाज में कैंसर की रोकथाम और जागरूकता के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। इसी क्रम में हल्द्वानी में आयोजित निशुल्क कैंप के माध्यम से उन्होंने लोगों को कैंसर के लक्षण, बचाव और समय पर जांच की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष नवीन पंत और सचिव ज्ञानेद्र जोशी ने डॉ. दिशा तिवारी से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया तथा हल्द्वानी शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता के लिए दिए जा रहे उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों ने भी उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रखने की बात कही।







