जनसुनवाई में दिखा आयुक्त दीपक रावत का एक्शन मोड, अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 जनसुनवाई में दिखा आयुक्त दीपक रावत का एक्शन मोड, अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण
दीपक रावत ने हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। जनसुनवाई में भूमि विवाद, भरण-पोषण, जाति, स्थायी एवं जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सड़क निर्माण और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मामलों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।


जनसुनवाई में बागेश्वर जनपद के विकासखंड गरुड़ क्षेत्र के गढ़खेत निवासी एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण कुमार उर्फ लच्छू पहाड़ी ने डोकरा से सेलकोन तक प्रस्तावित 5 किलोमीटर सड़क निर्माण का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूडी द्वारा बनने वाली इस सड़क से करीब 300 परिवारों को लाभ मिलेगा, लेकिन एक वर्ष से कार्य केवल कागजों में ही गतिमान है। साथ ही थोलिया बजानी से मिजुलिया तक पीएमजीएसवाई के तहत बनने वाली 10 किलोमीटर सड़क का मामला भी उठाया गया, जिससे लगभग 200 परिवार लाभान्वित होंगे। इस पर आयुक्त दीपक रावत ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।
वहीं गोलापार क्षेत्र से पहुंचे एक शिकायतकर्ता ने घर के समीप संचालित मुर्गी फार्म से फैल रही दुर्गंध की शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता के अनुसार फार्म में करीब 2000 मुर्गियां मौजूद हैं, जिससे क्षेत्र में रहना मुश्किल हो गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त दीपक रावत ने मुर्गी फार्म संचालक को साफ-सफाई, निष्प्रयोजित सामग्री के वैज्ञानिक निस्तारण, ट्रीटमेंट प्लांट और उचित प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को जांच कर नियम विरुद्ध पाए जाने पर कार्रवाई करने को कहा।
नैनीताल के जू रोड तल्लीताल निवासी मनोहर सिंह ने शिकायत करते हुए बताया कि ग्राम सभा भांगादेवली, पट्टी मोतियापाथर तहसील लमगड़ा में बाहरी व्यक्ति आदिल नार्गोलवाला द्वारा अपने छह परिजनों के नाम पर भूमि खरीदने के बाद वन पंचायत भूमि पर मोटर मार्ग बना दिया गया है। इस मामले में आयुक्त दीपक रावत ने संबंधित उपजिलाधिकारी और तहसीलदार को निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा रामनगर क्षेत्र से पहुंचे शिकायतकर्ता गोविंद सिंह ने आरोप लगाया कि लल्लू पुत्र झब्बू की भूमि पर फर्जी प्रमाण पत्रों के आधार पर बाहरी लोगों द्वारा वारिसान दर्ज करा लिया गया है। शिकायत में यासीन, यामीन, सलीम और इदरीश निवासी ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद के नाम सामने आए। इस मामले में भी आयुक्त दीपक रावत ने तहसीलदार रामनगर को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान अन्य कई मामलों का भी समाधान किया गया। आमजन की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई और अधिकारियों को सख्त निर्देशों के चलते कैंप कार्यालय में आयोजित यह जनसुनवाई आम लोगों के लिए राहत भरी साबित हुई।

error: Content is protected !!