हल्द्वानी नवाबी रोड पर छात्रों में खूनी भिड़ंत, कड़े से वार कर इंटर के छात्र का सिर फोड़ा; कोतवाली पहुंचे दोनों पक्ष, परिजनों में भी भिडंत 

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 नवाबी रोड पर छात्रों में खूनी भिड़ंत, कड़े से वार कर इंटर के छात्र का सिर फोड़ा; कोतवाली पहुंचे दोनों पक्ष, परिजनों में भी भिडंत
नवाबी रोड पर छात्रों में खूनी भिड़ंत, कड़े से वार कर इंटर के छात्र का सिर फोड़ा; कोतवाली पहुंचे दोनों पक्ष, परिजनों में भी भिड़ंत
हल्द्वानी। नवाबी रोड पर रविवार देर शाम कोचिंग से घर लौट रहे दो नाबालिग छात्रों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। कहासुनी के दौरान एक छात्र ने दूसरे के सिर पर कड़े से वार कर दिया। हमले में इंटर के छात्र का सिर फट गया और उसे उपचार के दौरान टांके लगाने पड़े। घटना के बाद दोनों पक्षों के परिजन कोतवाली पहुंच गए, जहां काफी देर तक आरोप-प्रत्यारोप और कहासुनी होती रही।
जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र नाबालिग हैं और जेल रोड तथा बरेली रोड क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों देर शाम कोचिंग से अपने-अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवाबी रोड क्षेत्र में किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर एक छात्र ने दूसरे के सिर पर हाथ में पहने कड़े से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से छात्र लहूलुहान हो गया।
सिर से खून निकलने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसके सिर पर टांके लगाए। घटना की जानकारी मिलने के बाद दोनों छात्रों के परिजन भी कोतवाली पहुंच गए।
कोतवाली में भी गरमाया मामला
कोतवाली परिसर में दोनों पक्षों के परिजनों के बीच काफी देर तक बातचीत होती रही। इस दौरान मामला उस समय और गरमा गया, जब एक युवक की मां ने गुस्से में दूसरे पक्ष के युवक की चप्पल से पिटाई कर दी। इससे मौके पर मौजूद लोगों में भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना पर पुलिस ने दोनों पक्षों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रों के बीच विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और मारपीट की वास्तविक वजह क्या थी। पुलिस द्वारा घटनास्थल तथा दोनों पक्षों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
नाबालिगों के विवाद ने बढ़ाई चिंता
नवाबी रोड जैसे व्यस्त इलाके में छात्रों के बीच इस तरह मारपीट और कड़े से हमला किए जाने की घटना ने सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली कहासुनी किस तरह हिंसक रूप ले सकती है, यह घटना उसका उदाहरण है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।

error: Content is protected !!