अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉
एसएसपी रुद्रपुर अजय गणपति का सख्त अलर्ट: बारावफात और रक्षाबंधन पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर, अफवाहबाजों पर होगा तत्काल एक्शन
रुद्रपुर। आगामी बारावफात (ईद-ए-मिलादुन्नबी) एवं रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए एसएसपी रुद्रपुर अजय गणपति एक्शन मोड में हैं। उन्होंने जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों की आड़ में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द खराब करने वालों के खिलाफ पुलिस तत्काल सख्त कार्रवाई करेगी।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर जनपद के संवेदनशील और अति-संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी और होमगार्ड की तैनाती की जाएगी। भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख बाजारों और संवेदनशील इलाकों में लगातार पुलिस गश्त के साथ फ्लैग मार्च भी किया जाएगा।
बारावफात जुलूस पर रहेगी पैनी नजर
बारावफात के जुलूस को लेकर थाना प्रभारियों को निर्धारित मार्गों का पूर्व निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। परंपरागत मार्ग और निर्धारित कार्यक्रम में बिना अनुमति किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
रक्षाबंधन पर महिला सुरक्षा के विशेष इंतजाम
रक्षाबंधन के दौरान बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस विशेष सतर्कता बरतेगी। महिलाओं के साथ अभद्रता या छेड़छाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाना पड़ेगा भारी
एसएसपी अजय गणपति ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट और अफवाहों को फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम लगातार सक्रिय रहेगी।
धर्मगुरुओं और शांति समितियों से संवाद
सभी थाना प्रभारियों को धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और शांति समिति के सदस्यों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। छोटी से छोटी घटना या विवाद की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर उसका प्रभावी निस्तारण करने को कहा गया है।
यातायात व्यवस्था भी रहेगी चाक-चौबंद
त्योहारों के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था लागू की जाएगी। जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस और थाना पुलिस को विशेष व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी रुद्रपुर अजय गणपति ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के प्रतीक हैं। जनपद में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़, अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने का प्रयास किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में त्योहार मनाएं, इसके लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।

