अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
रक्षाबंधन के बाद बरेली रोड पर चलेगी जेसीबी, तीनपानी से मंडी तक अतिक्रमण पर बड़ा एक्शन
हल्द्वानी। रक्षाबंधन का त्योहार निपटते ही शहर में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू होने जा रहा है। बरेली रोड पर तीनपानी से मंडी तक सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण पर जेसीबी चलेगी। सोमवार को नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने अधिकारियों को कार्रवाई की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त परितोष वर्मा की मौजूदगी में कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं के साथ हुई बैठक में शहर की बदहाल सड़कों, जल निकासी, सड़क चौड़ीकरण और अतिक्रमण समेत विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की गई। सिटी मजिस्ट्रेट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के दौरान सड़कों पर बने गड्ढों को रोजाना भरा जाए। साथ ही बारिश समाप्त होने के बाद गड्ढों पर बिटुमेन करने की तैयारी अभी से पूरी कर ली जाए, ताकि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य में देरी न हो।
ओके होटल से मंगलपड़ाव तक फुटपाथ पर काम शुरू करने के निर्देश
सिटी मजिस्ट्रेट ने बरसात के दौरान ही ओके होटल से मंगलपड़ाव तक फुटपाथ निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि अभी से काम शुरू होने पर बरसात समाप्त होते ही सड़क और फुटपाथ से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सकेगा।
वहीं सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे बिजली के पोलों को लेकर उन्होंने यूपीसीएल अधिकारियों को तत्काल पोल शिफ्ट करने के निर्देश दिए। काठगोदाम में ड्रेनेज के लिए बनाए गए ट्रंच को नहरों का काम पूरा होने तक बंद रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कालाढूंगी रोड से ताज चौराहे तक होगी खुदाई
बैठक में बताया गया कि कालाढूंगी रोड से ताज चौराहे तक ड्रेनेज आउटफॉल के लिए जल्द खुदाई का काम शुरू किया जाएगा। इसके अलावा 15 सितंबर से कॉलटैक्स-काठगोदाम से नैनीताल रोड होते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल तक नहर चौड़ीकरण का काम युद्धस्तर पर कराया जाएगा।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कठघरिया से ऊंचापुल के बीच सड़क पर अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए हैं। इससे इस मार्ग पर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण पर जल्द कार्रवाई की उम्मीद है।
बिना समन्वय खुदाई पर लगाई रोक
सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी सड़क पर खुदाई शुरू करने से पहले संबंधित क्षेत्र में पाइपलाइन, बिजली लाइन, सीवर लाइन और जल निकासी व्यवस्था का भली-भांति निरीक्षण किया जाए। विभागों के बीच समन्वय के बाद ही खुदाई का काम शुरू किया जाए, ताकि एक विभाग के काम के बाद दूसरे विभाग को दोबारा सड़क न खोदनी पड़े।
बैठक में सिंचाई विभाग, यूयूएसडीए, जमरानी, जल संस्थान, जल निगम, नगर निगम और यूपीसीएल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में दिए गए निर्देशों से साफ है कि त्योहार के बाद हल्द्वानी में अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ सड़क, ड्रेनेज और नहर चौड़ीकरण के कार्यों को भी गति देने की तैयारी है।

