अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 हल्दुचौड़ं 👉
हल्दूचौड़ चौराहे पर डंपर का कहर: स्कूटी सवार कमल पांडे की मौके पर दर्दनाक मौत, सड़क पर मचा हड़कंप
लालकुआं। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के हल्दूचौड़ मुख्य चौराहे पर रविवार को तेज रफ्तार डंपर ने एक स्कूटी सवार युवक की जिंदगी छीन ली। भीषण टक्कर में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार, हिम्मतपुर निवासी कमल पांडे पुत्र पूरन पांडे रविवार को स्कूटी से हल्दूचौड़ मुख्य चौराहे से सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कमल पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। देखते ही देखते चौराहे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद लालकुआं कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
युवक की मौत की खबर से उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और डंपर की गति कितनी थी, इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
हल्दूचौड़ मुख्य चौराहा क्षेत्र में लगातार बढ़ते यातायात और भारी वाहनों की आवाजाही के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने चौराहे पर यातायात व्यवस्था को और मजबूत करने तथा तेज रफ्तार भारी वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।
पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

