अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
राहुल गांधी केस पर हल्द्वानी में कांग्रेस-पुलिस आमने-सामने, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष समेत दो हिरासत में
हल्द्वानी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को वापस लेने और रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धीकरण कार्यक्रम में शामिल लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार शाम हल्द्वानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकाला। तिकोनिया से यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक के नेतृत्व में निकला जुलूस कोतवाली पहुंचा, जहां कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। पुलिस ने उन्हें हटाने का प्रयास किया तो कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जबरन उठाना शुरू कर दिया। इस दौरान यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक और छात्र नेता मेहुल साह को हिरासत में ले लिया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई बताते हुए इसे वापस लेने की मांग कर रहे थे। साथ ही आठ अगस्त को रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी में आयोजित विजय शंखनाद रैली के बाद हुए कथित शुद्धीकरण कार्यक्रम को लेकर कार्रवाई की मांग भी की जा रही है।
शुद्धीकरण कार्यक्रम को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है। कांग्रेस ने इसे दलितों के अपमान से जोड़ते हुए कार्यक्रम में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। इसी मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि शुद्धीकरण कार्यक्रम को लेकर दो सप्ताह से अधिक समय बीतने के बावजूद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की, जबकि राहुल गांधी के खिलाफ तहरीर मिलने के कुछ ही घंटों में मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
इसी विरोध में बुधवार शाम यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता मशालें लेकर कोतवाली पहुंच गए। पूर्व पार्षद राधा आर्य ने आरोप लगाया कि सरकार के दबाव में पुलिस कांग्रेस की शिकायत पर कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब राहुल गांधी के खिलाफ गंभीर धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज किया जा सकता है तो शुद्धीकरण कार्यक्रम के आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही।
कोतवाली में धरने के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं से प्रदर्शन समाप्त कर वहां से हटने को कहा। कार्यकर्ताओं के नहीं हटने पर पुलिस ने उन्हें उठाना शुरू कर दिया। इसी दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई। बाद में पुलिस ने यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक और छात्र नेता मेहुल साह को हिरासत में ले लिया।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि विशाल भोजक और मेहुल साह को हिरासत में लेकर शांतिभंग के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार लगातार हो रहे प्रदर्शनों के कारण कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई।
कोतवाली से बहुद्देश्यीय भवन तक पुलिस का पहरा
कांग्रेस के लगातार प्रदर्शनों को देखते हुए हल्द्वानी कोतवाली से लेकर पुलिस बहुद्देश्यीय भवन तक सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बहुद्देश्यीय भवन में सीओ, एसपी और एसएसपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालय हैं। कोतवाली के पिछले गेट पर भी बुधवार सुबह से पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई थी। प्रदर्शन और किसी भी अप्रिय स्थिति को देखते हुए पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।
गुरुवार को एसएसपी से मिलेगी कांग्रेस
शुद्धीकरण कार्यक्रम में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता गुरुवार को एक बार फिर एसएसपी कार्यालय पहुंचेंगे। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
वहीं पुलिस पहरे को लेकर एसपी सिटी मनोज कत्याल ने कहा कि लगातार हो रहे विरोध-प्रदर्शनों से सरकारी कामकाज प्रभावित होने के साथ फरियादियों को भी परेशानी हो रही है। इसी को देखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

