अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
दुग्ध उत्पादकों के लिए 30 करोड़ की सौगात, मुकेश बोरा ने मुख्यमंत्री धामी और दुग्ध मंत्री सौरभ बहुगुणा का जताया आभार
लालकुआं। दुग्ध उत्पादकों के हित में प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए 30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस निर्णय से प्रदेश के करीब 52 हजार दुग्ध उत्पादक परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं, लालकुआं नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ से जुड़े करीब 34 हजार दुग्ध उत्पादक परिवार भी इस योजना से लाभान्वित होंगे। दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया है।
मुकेश बोरा ने बताया कि स्वीकृत 30 करोड़ रुपये की धनराशि में 14 करोड़ रुपये दूध मूल्य प्रोत्साहन, 13 करोड़ रुपये साईलेज अनुदान तथा 3 करोड़ रुपये चारा परिवहन अनुदान के लिए निर्धारित किए गए हैं। सरकार के इस निर्णय से मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों के दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि 14 करोड़ रुपये की दूध मूल्य प्रोत्साहन राशि में से लालकुआं दुग्ध संघ को लगभग साढ़े आठ करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है। इसी तरह 13 करोड़ रुपये के साईलेज अनुदान में लालकुआं दुग्ध संघ को करीब साढ़े सात करोड़ रुपये, जबकि 3 करोड़ रुपये के चारा परिवहन अनुदान में लगभग डेढ़ करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है।
मुकेश बोरा ने कहा कि सरकार की ओर से स्वीकृत यह धनराशि दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। साईलेज अनुदान से दुधारू पशुओं के लिए पौष्टिक आहार की उपलब्धता बढ़ेगी, जबकि चारा परिवहन अनुदान से पशुपालकों को चारे को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में होने वाले खर्च से राहत मिलेगी। इससे दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ ही पशुपालकों की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के हजारों दुग्ध उत्पादक परिवार ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। दुग्ध व्यवसाय से बड़ी संख्या में परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में सरकार द्वारा दूध मूल्य प्रोत्साहन, साईलेज और चारा परिवहन के लिए अनुदान उपलब्ध कराना दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक संबल मिलेगा और प्रदेश में दुग्ध व्यवसाय को नई गति मिलेगी। उन्होंने लालकुआं नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दुग्ध उत्पादकों के हित में लिए गए इस निर्णय का सीधा लाभ पशुपालकों को मिलेगा।

