आधी रात सड़क पर बर्थडे पार्टी, शराब के नशे में हुड़दंग! पुलिस ने थार सीज कर पांच पर्यटकों पर कसा शिकंजा

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉

आधी रात सड़क पर बर्थडे पार्टी, शराब के नशे में हुड़दंग! पुलिस ने थार सीज कर पांच पर्यटकों पर कसा शिकंजा

नैनीताल। भवाली मार्ग पर शनिवार देर रात बीच सड़क थार वाहन खड़ा कर तेज आवाज में गाने बजाना और शराब के नशे में हुड़दंग करना पर्यटकों को भारी पड़ गया। स्थानीय लोगों की शिकायत पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थार वाहन सीज कर दिया, जबकि पांच लोगों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसा है। आधी रात सड़क पर जन्मदिन मनाकर यातायात और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ाने वाले पर्यटकों को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 12 बजे भवाली मार्ग पर पर्यटकों ने अपनी थार गाड़ी बीच सड़क पर खड़ी कर दी। इसके बाद तेज आवाज में गाने बजाकर जन्मदिन का जश्न मनाने लगे। बताया जा रहा है कि पर्यटक अपनी महिला मित्र का जन्मदिन मना रहे थे। सड़क पर वाहन खड़ा होने और तेज आवाज में गाने बजने से स्थानीय लोग परेशान हो गए। लोगों ने पर्यटकों को ऐसा करने से मना किया, लेकिन इसके बावजूद उनका हुड़दंग जारी रहा।

काफी देर तक हंगामा नहीं थमने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पर्यटक शराब के नशे में हुड़दंग करते मिले। पुलिस ने वाहन चालक का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद सभी को कोतवाली पहुंचाया।

कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि देहरादून निवासी सचिन बाल्यान के खिलाफ ड्रिंक एंड ड्राइव के तहत कार्रवाई करते हुए थार वाहन संख्या यूपी 12 बीएक्स 0950 को सीज कर दिया गया है। वहीं, मुजफ्फरनगर निवासी अभी और अंकित कुमार, आंबेडकर नगर निवासी अस्मिता तथा हरियाणा निवासी अमन के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश है कि पर्यटन के नाम पर सड़क पर हुड़दंग, यातायात में बाधा और शराब पीकर वाहन चलाने जैसी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।