अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
काशीपुर में सनसनी: तीन मंजिला मकान से गिरकर विवाहिता की मौत, पति पर हत्या का आरोप
दहेज के लिए प्रताड़ित करने का दावा, घरेलू विवाद में तीसरी मंजिल से फेंकने का मायके पक्ष ने लगाया आरोप; पुलिस जांच में जुटी
काशीपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में एक विवाहिता की तीन मंजिला मकान से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर दहेज के लिए लंबे समय से प्रताड़ित करने और घरेलू विवाद के दौरान तीसरी मंजिल से नीचे फेंककर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस को परिजनों की ओर से तहरीर मिलने का इंतजार है।
जानकारी के अनुसार, आईटीआई थाना क्षेत्र के कुंडेश्वरा में आलू फैक्ट्री के पास किराये के मकान में रहने वाले शिशुपाल की पत्नी रूबी सिंह (35) की बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शिशुपाल कैटरिंग के काम में मजदूरी करता है। रूबी की शादी करीब 13 वर्ष पहले मुरादाबाद जिले के डिलारी निवासी शिशुपाल से हुई थी। दंपती का चार वर्षीय बेटा तन्मय सिंह है। बताया गया कि शिशुपाल पिछले करीब डेढ़ वर्ष से परिवार के साथ अलग किराये के मकान में रह रहा था।
मृतका के भाई विपुल कुमार निवासी ग्राम शेरपुर बहलीन, शरीफनगर, ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद) ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही शिशुपाल दहेज की मांग को लेकर रूबी के साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिजनों का दावा है कि आरोपी पहले भी कई बार रूबी का गला घोंटने का प्रयास कर चुका था। आरोप है कि प्रताड़ना से परेशान होकर मायके पक्ष के लोग रूबी की आर्थिक मदद करते थे और उसके खर्च के लिए पैसे भेजते रहते थे।
परिजनों के मुताबिक, बीती रात करीब 10:30 बजे घरेलू विवाद के दौरान शिशुपाल ने रूबी को मकान की तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल रूबी को पहले सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना परिजनों को रात करीब 12 बजे मिली। वे मुरादाबाद रोड स्थित अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक चिकित्सकों ने रूबी को मृत घोषित कर दिया था।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मृतका के भाई ने यह भी आरोप लगाया कि शिशुपाल शराब पीने का आदी है और लंबे समय से दहेज को लेकर रूबी को परेशान कर रहा था।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
अपर पुलिस अधीक्षक काशीपुर स्वप्न किशोर ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विवाहिता की मौत के मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

