चिल्ड्रन्स एकेडमी स्कूल में ‘अभिनंदन–2025-26’, उत्तराखंड जागरण तीसरी आंख पर देखें इंटरव्यू

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 हल्दुचौड़ं 👉गोपिपुरम, हल्दूचौड़।चिल्ड्रन्स एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गोपिपुरम में शनिवार को विद्यालय का वार्षिक सम्मान समारोह ‘5वां अभिनंदन–2025-26’ अत्यंत गरिमामय एवं प्रेरणादायक वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन कृष्ण स्वरूप स्मृति सभागार में किया गया, जिसमें शैक्षिक, क्रीड़ा एवं सह-पाठ्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ दीर्घकालीन सेवा देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यकारी निदेशिका प्रियांशी पाठक द्वारा अतिथियों के स्वागत एवं गीता के श्लोक पाठ के साथ हुआ। इसके उपरांत मुख्य अतिथि आईटीबीपी 34वीं वाहिनी के कमांडेंट अनिल सिंह बिष्ट एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा सरस्वती वंदना के साथ दीप प्रज्ज्वलन किया गया।

विद्यालय के निदेशक श्रीष पाठक ने मुख्य अतिथि को पौध एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं प्रधानाचार्या मोनिका जोशी ने स्वागत उद्बोधन में अभिभावकों, शिक्षकों एवं अतिथियों का अभिनंदन करते हुए विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

मुख्य अतिथि अनिल सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि अनुशासन, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यालय द्वारा खेलों एवं शारीरिक गतिविधियों को दिए जा रहे विशेष प्रोत्साहन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र का एक आदर्श शैक्षिक संस्थान बताया।

समारोह में कृष्ण स्वरूप स्मृति पुरस्कार के अंतर्गत उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कक्षा 10 (सत्र 2024-25) के 10 मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट, स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। वहीं कक्षा 8 से 11 तक के 15 विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र एवं नकद धनराशि चेक के माध्यम से दी गई।

राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर टेबल टेनिस, खो-खो, फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थी को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

दीर्घकालीन सेवा एवं समर्पण के लिए गीता कविदयाल, ममता पाण्डेय तथा विद्यालय के टेबल टेनिस प्रशिक्षक पंकज बिष्ट को उत्कृष्ट सेवा एवं समर्पण सम्मान से नवाजा गया।

कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट ऑफ उत्तराखंड के अधिवक्ता मनोज साहनी, सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के अधिवक्ता प्रणव साहनी, सर्व शिक्षा अभियान के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर नवीन पन्त, प्रबंध निदेशिका कविता पाठक, हेमवती नंदन दुर्गापाल, शैक्षिक समन्वयक रेनू मिश्रा सहित अनेक गणमान्य अतिथि मंचासीन रहे।

समारोह में क्षेत्र के ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, अभिभावकगण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं मीडिया प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आभार ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया।

 

error: Content is protected !!