रिपोर्टर ललित जोशी 👉 उत्तराखंड जागरण 👉
नैनीताल में पुलिस के रवैये से नाराज़ व्यापारियों का कोतवाली घेराव, 11 बजे दुकान बंद कराने पर विरोध
व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन नेगी बोले— 24 घंटे दुकान खोलने का शासनादेश, फिर भी पुलिस कर रही है उत्पीड़न
नैनीताल।
सरोवर नगरी Nainital में पुलिस प्रशासन के कथित तुगलकी फरमान के विरोध में व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। शहर के व्यापारियों ने मल्लीताल कोतवाली का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराज़गी जताई।
व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस द्वारा रोज रात 11 बजे दुकानों को जबरन बंद कराया जा रहा है, जिससे उनके व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि पर्यटन स्थल होने के कारण यहां देर रात तक पर्यटकों की आवाजाही रहती है, ऐसे में दुकानों को जल्दी बंद कराने से न केवल व्यापारियों बल्कि पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन सिंह नेगी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार व्यापारी अपनी स्वेच्छा से 24 घंटे तक अपने प्रतिष्ठान खोल सकते हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस अधिकारी और कर्मचारी रात 11 बजे बाजार में पहुंचकर दुकानों को बंद कराते हैं और व्यापारियों के साथ बदसलूकी भी करते हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई से व्यापारी वर्ग आक्रोशित है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा टैक्सी चालकों और होटल गाइडों के साथ भी दुर्व्यवहार किया जा रहा है तथा उन्हें गालियां दी जा रही हैं।


व्यापार मंडल अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस प्रशासन ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया तो व्यापारी रोजाना कोतवाली में धरना-प्रदर्शन करेंगे और जरूरत पड़ने पर बाजार बंद करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन सिंह नेगी, महिला उपाध्यक्ष भारती कैड़ा, रईस खान, पंकज टंडन (बबली), रुचिर शाह, अतुल शाह, सोनू बिष्ट, दिलशाद समेत दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे







