अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
नई स्कूटी में नशे की खेप पकड़ी
अल्मोड़ा।
नई स्कूटी, वह भी बिना नंबर… शायद आरोपी को लगा होगा कि वह आसानी से पुलिस की नजरों से बच निकलेगा। लेकिन ऑपरेशन प्रहार के तहत चल रही सघन चेकिंग के दौरान थाना लमगड़ा पुलिस ने उसकी पूरी योजना पर पानी फेर दिया। पुलिस ने धौलकड़िया तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोककर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 920 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। बरामदगी के बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी बिना नंबर की नई स्कूटी से चरस की खेप लेकर जा रहा था। जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी इस अवैध नशे की सप्लाई करने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि 920 ग्राम चरस कोई मामूली मात्रा नहीं है। यह वह नशा है जो सैकड़ों युवाओं की जिंदगी बर्बाद कर सकता था। समय रहते हुई इस कार्रवाई से नशे की बड़ी खेप बाजार तक पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गई। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी यह चरस कहां से लेकर आया था और इसे कहां सप्लाई करने जा रहा था। मामले में उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत जिले में लगातार संदिग्ध व्यक्तियों, बिना नंबर वाहनों और नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि, बिना नंबर वाहन या नशे का कारोबार दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत 112 पर दें।
आपकी एक सूचना, किसी की पूरी जिंदगी बचा सकती है।







