अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी की अध्यक्षता में नगर पंचायत बोर्ड बैठक, ध्वनि व वायु प्रदूषण पर चिंता, सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल प्रबंधन को बुलाने का निर्णय (उत्तराखंड जागरण):
लालकुआं। नगर पंचायत लालकुआं के सभागार में 13 मार्च 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने की, जबकि संचालन अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत ने किया।
बैठक में नगर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए 25 से अधिक प्रस्तावों को पारित किया गया। बैठक में नगर क्षेत्र में बढ़ रहे ध्वनि प्रदूषण और वायु प्रदूषण को लेकर चिंता व्यक्त की गई। बोर्ड के सदस्यों ने कहा कि प्रदूषण से आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए इस विषय पर आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है।

बैठक के दौरान इस संबंध में सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल प्रबंधन को बोर्ड के समक्ष उपस्थित होकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया, ताकि संबंधित विषयों पर चर्चा कर उचित समाधान निकाला जा सके।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अनुपयोगी भूमि पर गौशाला निर्माण, हाट बाजार क्षेत्र में बहुउद्देशीय कॉम्प्लेक्स निर्माण, ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर वॉटर कूलर स्थापित करने, तहसील गेट निर्माण, मुख्य मार्गों के दोनों ओर सौंदर्यीकरण कार्य तथा सभी वार्डों में स्वच्छता प्रतियोगिता आयोजित करने जैसे प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।
साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में नगर पंचायत को प्राप्त प्रथम पुरस्कार की धनराशि के उपयोग तथा एमआरएफ सेंटर के विस्तार पर भी चर्चा की गई।
बैठक में नगर पंचायत के सभी माननीय सदस्यगण एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







