अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 नैनीताल/सितारगंज – मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” के विज़न को धरातल पर उतारने की दिशा में कुमाऊँ पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊँ परिक्षेत्र श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में एसओटीएफ (Special Operations Task Force) कुमाऊँ परिक्षेत्र एवं कोतवाली सितारगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने स्मैक तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता हासिल की है।
बीती 15 जनवरी 2026 को चौकी शक्तिफार्म पुलिस एवं एसओटीएफ कुमाऊँ की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम पिपलिया, शक्तिफार्म क्षेत्र में पतारसी–सुरागरसी एवं जन-जागरूकता अभियान के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे एक महिला एवं एक युवक को मौके पर पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 61.51 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद की गई।पुलिस के अनुसार, अभियुक्ता परमजीत कौर पत्नी दर्शन सिंह, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम पिपलिया, शक्तिफार्म, कोतवाली सितारगंज, जनपद ऊधम सिंह नगर के कब्जे से 22.66 ग्राम स्मैक और अभियुक्त सोनू सिंह पुत्र दर्शन सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम पिपलिया, शक्तिफार्म, कोतवाली सितारगंज, जनपद ऊधम सिंह नगर के कब्जे से 38.85 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
दोनों अभियुक्तों (मां-बेटा) के विरुद्ध कोतवाली सितारगंज में मुकदमा अपराध संख्या 08/21, धारा NDPS Act, 1985 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।इस सफल कार्रवाई में एसओटीएफ कुमाऊँ परिक्षेत्र की टीम, टीम प्रभारी सहित ऑपरेशन यूनिट एवं कोतवाली सितारगंज पुलिस का सराहनीय योगदान रहा, जिनकी सतर्कता, सटीक सूचना तंत्र और पेशेवर कार्यवाही से नशा तस्करी के एक संगठित प्रयास को नाकाम किया गया।

इस संबंध में आईजी कुमाऊँ श्रीमती रिद्धिम अग्रवाल ने कहा कि “कुमाऊँ परिक्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है। नशा कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस और एसओटीएफ की संयुक्त टीमें लगातार सघन अभियान चला रही हैं। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।” कुमाऊँ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार पूरी सख्ती और प्रभावशीलता के साथ जारी रहेगा।







