अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
मानसून से पहले गौला-नंधौर में चैनलाइजेशन, सिल्ट सफाई और रिवर ट्रैपिंग के आदेश
लालकुआं।
आगामी मानसून को देखते हुए जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट की मौजूदगी में अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक लेकर गौला और नंधौर नदियों में बाढ़ सुरक्षा, सिल्ट निकासी, जल निकासी व्यवस्था और भूकटाव रोकने को लेकर सख्त निर्देश जारी किए।

बैठक में साफ कर दिया गया कि मानसून से पहले सभी जरूरी कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं, ताकि बरसात के दौरान क्षेत्रवासियों को किसी तरह की परेशानी या नुकसान न झेलना पड़े।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि इस समय खनन सत्र जारी होने के कारण नंधौर नदी के मुहाने पर सिल्ट, बोल्डर और अन्य डिपॉजिट्स तेजी से जमा हो रहे हैं, जो बारिश के समय बाढ़ जैसे हालात पैदा कर सकते हैं। इस पर उन्होंने सिंचाई विभाग, वन विभाग, वन विकास निगम, लोक निर्माण विभाग और खनन विभाग को संयुक्त रूप से तत्काल कार्ययोजना पर अमल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी में जमा डिपॉजिट्स को चैनलाइज किया जाए, ताकि नदी अपने मूल प्रवाह में सुचारू रूप से बह सके और पानी का दबाव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर न बढ़े।
डीएम रयाल ने नंधौर नदी में 10 अप्रैल से रिवर ट्रैपिंग कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। इसके तहत दो पोकलैंड मशीनें वन विकास निगम की ओर से लोक निर्माण विभाग के माध्यम से तथा दो मशीनें खनन न्याय के माध्यम से लगाए जाने की बात कही गई। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि रिवर ट्रैपिंग और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य मानसून से पहले पूरे किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी तरह की आपदा की स्थिति न बने।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नंधौर और गौला नदियों से जुड़े भूकटाव प्रभावित क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण कर जल्द प्रस्ताव तैयार किया जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि धरातल पर जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करें और जहां भी खतरा अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षा कार्य शुरू किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि गौला नदी से लालकुआं क्षेत्र में हो रहे भूकटाव की रोकथाम के लिए शासन को तत्काल अनुमति हेतु पत्र भेजा जाए, ताकि सुरक्षात्मक कार्यों में कोई देरी न हो।
बैठक में विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने भी क्षेत्र से जुड़े कई अहम मुद्दों को मजबूती से उठाया। उन्होंने बाढ़ सुरक्षा और रिवर ट्रैपिंग के साथ-साथ रसोई गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी, व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति, श्रीलंका टापू, मोतीनगर सड़क सहित कई स्थानीय समस्याओं पर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। विधायक ने कहा कि मानसून से पहले क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान बेहद जरूरी है, ताकि जनता को राहत मिल सके।
इस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि लालकुआं क्षेत्र में रसोई गैस की शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए और इसके लिए सोमवार से रोस्टरवार व्यवस्था लागू की जाए। साथ ही उपजिलाधिकारी लालकुआं को निर्देश दिए गए कि श्रीलंका टापू क्षेत्र में अन्य विभागों के साथ संयुक्त शिविर और निरीक्षण शीघ्र आयोजित कर समस्याओं का मौके पर समाधान निकाला जाए।
बैठक के दौरान एडीबी परियोजना के तहत तीनपानी से मंडी तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। विधायक ने सड़क चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले अतिक्रमणों की दोबारा निशानदेही कराने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण प्रस्तावित है और पूर्व में अतिक्रमण चिह्नित किए जा चुके हैं, लेकिन कुछ परिवारों की आपत्तियों और समस्याओं को देखते हुए सोमवार से टीम गठित कर संबंधित लोगों की मौजूदगी में पुनः निशान लगाए जाएंगे।
कुल मिलाकर बैठक में साफ संदेश दिया गया कि इस बार प्रशासन मानसून से पहले पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतर चुका है और गौला-नंधौर नदी, भूकटाव, बाढ़ सुरक्षा, गैस वितरण और सड़क चौड़ीकरण जैसे मुद्दों पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब देखना यह होगा कि विभागीय अमला इन निर्देशों को कितनी तेजी और गंभीरता से जमीन पर उतारता है
बैठक में जिलाधिकारी नैनीताल मौजूदा लोकप्रिय विधायक डॉ मोहन बिष्ट 👉 भाजपा मंडल अध्यक्ष हल्दूचौड़ विजय रोहित दुमका मंडल अध्यक्ष गोलपार पान सिंह मेवाड़ी मंडल अध्यक्ष बिंदुखत्ता नवीन सिंह पपोला मंडल मंत्री विनोद भट्ट अन्य लोग शामिल रहे







