अजय अनेजा 👉 संपादक 👉 उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
उत्तराखंड जागरण की खबर का असर: कृष्णा स्टोन क्रेशर पर जिला खान विभाग की बड़ी कार्रवाई, ₹1 करोड़ की पेनल्टी
लालकुआं/हल्दूचौड़।
उत्तराखंड जागरण में प्रकाशित खबर का असर अब साफ नजर आ रहा है। हल्दूचौड़ स्थित कृष्णा स्टोन क्रेशर में खनन के दौरान बनाए गए विशाल और गहरे गड्ढे के मामले में जिला खान विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए क्रेशर संचालक पर ₹1 करोड़ (एक करोड़ रुपये) की भारी पेनल्टी लगा दी है।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से खनन नियमों की अनदेखी कर किए जा रहे अवैध व अनियंत्रित खनन के कारण क्रेशर परिसर में बड़े-बड़े गहरे गड्ढे बन गए थे, जिससे नारायणपुरम कॉलोनी सहित आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में खतरा उत्पन्न हो गया था। इस गंभीर मामले को उत्तराखंड जागरण ने प्रमुखता से उजागर किया था।
खबर प्रकाशित होने के बाद जिला खान अधिकारी के निर्देश पर विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में खनन मानकों के उल्लंघन और सुरक्षा नियमों की अनदेखी की पुष्टि हुई। इसके बाद नियमानुसार क्रेशर स्वामी पर ₹1 करोड़ की आर्थिक दंडात्मक कार्रवाई की गई।
जिला खान विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में नियमों का पालन नहीं किया गया तो क्रेशर का संचालन बंद करने सहित और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे। इस कार्रवाई से क्षेत्र में खनन से जुड़े अन्य क्रेशर संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मीडिया द्वारा मामला उठाए जाने के बाद हुई यह कार्रवाई जनहित में है और इससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई है।







