अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 🚨 हल्द्वानी — खुदी सड़क बनी मौत का जाल, बुजुर्ग की दर्दनाक मौत
हल्द्वानी। शहर में बेतरतीब खुदी सड़कों और आबादी वाले इलाकों में भारी वाहनों की आवाजाही के बीच रविवार को पनचक्की रोड अंबिका विहार क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रक की चपेट में आने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, शांति नगर निवासी सुरेश चंद्र पांडे रविवार दोपहर रानीबाग से एक अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल होकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। पनचक्की रोड स्थित अंबिका विहार के पास सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क के किनारे से गुजरते समय वह पास से गुजर रहे ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन टक्कर के दौरान हेलमेट दूर जा गिरा और उनकी जान नहीं बच सकी। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी सड़क पर पहले भी एक मासूम की जान जा चुकी है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय पार्षद मुकुल बल्यूटिया ने हादसे के लिए सीवर लाइन के अधूरे काम और लंबे समय से खुले गड्ढों को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद विभाग ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक सुमित हृदयेश मौके पर पहुंचे और खुदी पड़ी सड़कों को हादसे की बड़ी वजह बताते हुए अधिकारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने सोमवार को इस मुद्दे पर धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरे निर्माण कार्य और गहरे गड्ढों के कारण रोजाना हादसे का खतरा बना रहता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई







