महिला आयोग ‘आपके द्वार’ कार्यक्रम में 8 मामलों की सुनवाई, त्वरित कार्रवाई के निर्देश

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉

महिला आयोग ‘आपके द्वार’ कार्यक्रम में 8 मामलों की सुनवाई, त्वरित कार्रवाई के निर्देश

उपाध्यक्ष सायरा बानो ने कहा—महिलाओं को न्याय दिलाना आयोग की प्राथमिकता, शिकायतों पर पुलिस को तुरंत जांच के आदेश

नैनीताल।

सरोवर नगरी नैनीताल स्थित राज्य अतिथि गृह सभागार में महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष सायरा बानो ने महिलाओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान आयोग के समक्ष कुल 8 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें मुख्य रूप से घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, संपत्ति विवाद, सोशल मीडिया के माध्यम से प्रताड़ना और पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले शामिल थे। सभी मामलों को सुनते हुए उपाध्यक्ष सायरा बानो ने कहा कि महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उन्हें न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि जो महिलाएं अपनी शिकायत लेकर आयोग तक नहीं पहुंच पातीं, उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जनपद में 13 मार्च 2026 तक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

सायरा बानो ने कहा कि प्राप्त सभी मामलों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस विभाग को भेज दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मामलों में दो पक्ष शामिल हैं, दोनों को बुलाकर निष्पक्ष जांच करते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की घटना या समस्या होने पर निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें तथा गौरा शक्ति ऐप डाउनलोड कर भी सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

कार्यक्रम में महिला आयोग की सदस्य उर्मिला जोशी, कंचन कश्यप, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्रा, अपर जिला अधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुलेखा बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, महिला आयोग के प्रतिनिधि और शिकायतकर्ता मौजूद रहे।

बाइट:

सायरा बानो, उपाध्यक्ष – उत्तराखण्ड राज्य महिला आयोग।

 

error: Content is protected !!