अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
आईजी कुमायूँ रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में “कोशिश – एक नई आशा” विशेष थाना दिवस आयोजित, महिला सुरक्षा पर दिया जोर
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कुमायूँ के सभी थानों में कार्यक्रम, महिलाओं की शिकायतें सुनकर त्वरित समाधान के निर्देश
कुमायूँ। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कुमायूँ पुलिस द्वारा “कोशिश – एक नई आशा” थीम के अंतर्गत महिला सुरक्षा को समर्पित विशेष थाना दिवस का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कुमायूँ परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में कुमायूँ के सभी जनपदों के थानों में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त और जागरूक बनाना तथा उनकी शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा। थाना दिवस के दौरान महिला हेल्पलाइन और ऐच्छिक ब्यूरो में लंबित मामलों से संबंधित पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया। अधिकारियों ने प्रत्येक मामले की समीक्षा करते हुए शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी दी गई तथा घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ सहित अन्य अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों और महिला हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया गया।
थाना दिवस के दौरान जनपद प्रभारियों ने अपने-अपने जनपद के एक-एक थाने में उपस्थित रहकर आम जनता की समस्याओं को सुना, जबकि अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारीगण ने भी थानों में पहुंचकर शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
कुमायूँ पुलिस ने इस पहल के माध्यम से यह संदेश दिया कि महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत पर त्वरित, संवेदनशील और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। “कोशिश – एक नई आशा” अभियान महिलाओं में सुरक्षा, विश्वास और सम्मान की भावना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।







