अजय अनेजा संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
NH-109 नया अतिक्रमण: SDM रेखा कोहली की रिपोर्ट,
लालकुआं। राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर हो रहे नए अवैध अतिक्रमण को लेकर उप जिलाधिकारी लालकुआं रेखा कोहली ने जिलाधिकारी नैनीताल को रिपोर्ट भेजकर मामला उनके पाले में डाल दिया है। उत्तराखंड जागरण की तीसरी आंख को दिए गए इंटरव्यू में एसडीएम रेखा कोहली ने साफ तौर पर कहा कि लालकुआं क्षेत्र प्राधिकरण के दायरे से बाहर है, ऐसे में NH-109 पर नए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई का अधिकार अब जिलाधिकारी नैनीताल के स्तर पर है।
रिपोर्ट भेजे जाने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि NH-109 पर पनप रहे नए अतिक्रमण पर कब ठोस कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा देवभूमि उत्तराखंड को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियानों का असर लालकुआं क्षेत्र में फिलहाल जमीन पर नजर नहीं आ रहा है।

स्थानीय लोगों में यह चर्चा भी तेज है कि कहीं ऐसा तो नहीं कि कुछ राजनीतिक दलों से जुड़े प्रभावशाली नेता ‘मोटी पहुंच’ के चलते कार्रवाई से बचे हुए हैं। यदि ऐसा है तो यह अतिक्रमण मुक्त अभियान की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है। NH-109 जैसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर नया अतिक्रमण न सिर्फ कानून की खुली अवहेलना है, बल्कि यातायात और जनसुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बनता जा रहा है।
अब सबकी निगाहें जिलाधिकारी नैनीताल पर टिकी हैं। क्या NH-109 पर नए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बिना दबाव, निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई होगी या फिर मामला राजनीतिक संरक्षण की भेंट चढ़ जाएगा—इसका जवाब आने वाला समय ही देगा।







