- अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
लालकुआं में जनता की समस्याओं पर चुप प्रशासन? पत्रकारों से दूरी पर उठे सवाल
अतिक्रमण, बंद शौचालय और गैस बुकिंग की समस्या—उपजिलाधिकारी के रवैये पर नाराजगी
लालकुआं। लालकुआं क्षेत्र में जहां एक ओर अवैध अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जनता से जुड़ी कई मूलभूत समस्याएं भी समाधान का इंतजार कर रही हैं। इन समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों में रोष देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार लालकुआं रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर सरकार द्वारा बनाया गया सार्वजनिक शौचालय पिछले लगभग एक महीने से बंद पड़ा है और उस पर ताला लटका हुआ है। इससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा क्षेत्र में गैस सिलेंडर बुकिंग से जुड़ी परेशानियां और गरीब लोगों को आर्थिक सहायता से संबंधित मामलों में भी लोग दर-दर भटक रहे हैं। कई मामलों में जब पत्रकारों और स्थानीय लोगों द्वारा उपजिलाधिकारी लालकुआं रेखा कोहली से इन समस्याओं को लेकर सवाल किए गए तो उन्होंने इन मामलों को जिलाधिकारी नैनीताल के स्तर का बताते हुए पल्ला झाड़ लिया।
स्थानीय पत्रकारों का कहना है कि पत्रकार जनता की आवाज उठाने और समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। यदि अधिकारी ही संवाद से दूरी बनाएंगे और सवालों का जवाब देने से बचेंगे, तो जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा।
पत्रकारों का कहना है कि चौथे स्तंभ के रूप में उनका कर्तव्य है कि वे जनता की समस्याओं को प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तक पहुंचाएं। उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल और प्रदेश सरकार से मांग की है कि लालकुआं क्षेत्र की समस्याओं का संज्ञान लेते हुए समाधान कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके







