ओह 👉👉 बहुचर्चित अंकीता भंडारी को न्याय दिलाने को लेकर कांग्रेसीयो का प्रदर्शन🧐पुलिस ने भांजी लाठियां मची फगदड़

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 संपादक 👉 उत्तराखण्ड जागरण 👉 रुद्रपुर – उत्तराखंड में बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर सियासी पारा चढ़ता नजर आ रहा है। ठंड के मौसम के बावजूद प्रदेश की राजनीति में गर्माहट लौट आई है। इस मामले को लेकर अब प्रदेशभर में आंदोलन और धरना-प्रदर्शनों का नया दौर शुरू हो गया है। जहां एक ओर उत्तराखंड क्रांति दल लगातार आंदोलन कर रहा है, वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस भी सरकार के खिलाफ पूरी तरह हमलावर हो गया है। अचानक तेज हुए इन आंदोलनों ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी को असहज स्थिति में डाल दिया है।


इसी क्रम में ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में कांग्रेस ने बड़ा प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचे और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान माहौल उस वक्त तनावपूर्ण हो गया, जब आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने डीएम कार्यालय की बैरिकेडिंग तोड़ दी और परिसर के अंदर घुसने का प्रयास किया।स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। इस दौरान कई महिला और पुरुष कांग्रेसी कार्यकर्ता चोटिल हो गए। लाठीचार्ज के बाद भी प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे और डीएम कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग दोहराई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने से बच रही है। उन्होंने कहा कि जब तक अंकिता को न्याय नहीं मिलेगा, कांग्रेस सड़कों पर संघर्ष करती रहेगी। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि स्थानीय एजेंसियों की जांच पर जनता का भरोसा नहीं रहा है और केवल सीबीआई जांच से ही सच्चाई सामने आ सकती है।
वहीं, इस पूरे घटनाक्रम के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है और जिला मुख्यालय सहित आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड की राजनीति और भी ज्यादा गरमा सकती है, क्योंकि विपक्ष इसे बड़ा मुद्दा बनाकर सरकार को लगातार घेरने की रणनीति पर काम कर रहा है।

 

error: Content is protected !!