अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 हल्द्वानी। विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान (VBUSS) द्वारा दिल्ली विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रमाणन परीक्षा ‘भारत बौद्धिक (Bharat BoudhIKS)’ का आयोजन ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी परिसर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के अनुरूप आयोजित इस परीक्षा का उद्देश्य युवाओं को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं बौद्धिक विरासत (IKS) से जोड़ना है।
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी केंद्र पर परीक्षा को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न पाठ्यक्रमों के कुल 225 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 169 छात्र-छात्राओं ने ऑफलाइन मोड में परीक्षा दी। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. एम. सी. लोहनी ने परीक्षार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाएं छात्रों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में सहायक होती हैं और उन्हें वैश्विक मंच पर भारतीय ज्ञान परंपरा का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार करती हैं।
राष्ट्रीय परीक्षा के नोडल ऑफिसर एवं परिसर के IKS सेल प्रमुख संदीप अभिषेक ने बताया कि छात्रों की बड़ी भागीदारी यह दर्शाती है कि आज का युवा अपनी परंपराओं को आधुनिक दृष्टिकोण के साथ समझने और अपनाने के लिए तत्पर है।
उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में देशभर से मेरिट के आधार पर टॉप 100 प्रतिभागियों को विशेष सम्मान, पुरस्कार एवं शैक्षणिक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। यह परीक्षा भारतीय ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।







