अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी ने प्रदूषण के खिलाफ छेड़ी जंग, सेंचुरी पल्प एंड मिल और स्टोन क्रेशरों पर उठाए सवाल:देखें इंटरव्यू

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 बिन्दुखत्ता 👉

अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी ने प्रदूषण के खिलाफ खोला मोर्चा, सेंचुरी मिल के साथ स्टोन क्रेशरों पर भी उठे सवाल

लालकुआं में प्रदूषण पर अध्यक्ष सख्त
लालकुआं। नगर क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण, धूल, धुएं और जनस्वास्थ्य पर पड़ रहे दुष्प्रभाव को लेकर नगर पंचायत लालकुआं अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी ने अब खुलकर मोर्चा खोल दिया है। सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल से जुड़े प्रदूषण के मुद्दे पर बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पारित कराने के बाद अब क्षेत्र में संचालित स्टोन क्रेशरों से उड़ती धूल और प्रदूषण को भी गंभीर जनसमस्या मानते हुए सख्त रुख अपनाया गया है।


नगर पंचायत लालकुआं की 13 मार्च 2026 को हुई बोर्ड बैठक में प्रस्ताव संख्या-17 सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिसमें नगर क्षेत्र में श्वास, फेफड़ों और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के बढ़ते खतरे पर चिंता व्यक्त की गई। प्रस्ताव में साफ तौर पर कहा गया कि नगर सीमा से सटी सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल से हो रहे प्रदूषण से नगर क्षेत्र की जनता प्रभावित हो रही है और इससे निजात दिलाने के लिए उच्च अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक किए जाने का निर्णय लिया गया।
जनस्वास्थ्य को लेकर नगर पंचायत गंभीर
अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी ने बोर्ड में यह भी स्पष्ट कराया कि कोई भी संस्था यदि नगर में रोजगार देती है तो उसका स्वागत है, लेकिन रोजगार के नाम पर जनता की सेहत से खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। नगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे धूल, धुएं, बदबू और सांस संबंधी रोगों को लेकर नगर पंचायत ने अब ठोस कार्रवाई की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं।


स्टोन क्रेशरों से उड़ती धूल भी बनी बड़ी चिंता
नगर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में संचालित स्टोन क्रेशरों से उड़ती धूल, भारी वाहनों की आवाजाही, टूटी सड़कें और लगातार बढ़ता वायु एवं ध्वनि प्रदूषण भी अब स्थानीय जनता के लिए बड़ी परेशानी बन चुका है। लोगों का कहना है कि सुबह से देर रात तक गुजरने वाले ओवरलोड वाहन, उड़ती धूल और औद्योगिक गतिविधियों के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसे में सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल के साथ-साथ स्टोन क्रेशरों से हो रहे प्रदूषण को भी एक ही जनस्वास्थ्य संकट के रूप में देखा जा रहा है, जिस पर नगर पंचायत का रुख अब काफी सख्त दिखाई दे रहा है।
सीएसआर फंड से जनहित कार्यों की उठी मांग
इसी क्रम में 31 मार्च 2026 को नगर पंचायत लालकुआं की ओर से सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल प्रबंधन को एक आधिकारिक पत्र भेजा गया, जिसमें सीएसआर फंड से नगर क्षेत्र में जनहित और जनस्वास्थ्य से जुड़े कार्य कराने का अनुरोध किया गया। पत्र में बोर्ड प्रस्ताव संख्या-17 का हवाला देते हुए कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं।
इनमें प्रमुख रूप से—
रजत जयंती पार्क निर्माण पूर्ण होने के बाद उसकी देखरेख हेतु माली व सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था
पार्क से सटे क्षेत्र में बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण
नगर पंचायत क्षेत्र के स्थानीय निवासियों को संस्था में 50 प्रतिशत रोजगार
जनस्वास्थ्य हित में एंबुलेंस, आवश्यक उपकरण और स्टाफ की व्यवस्था
जैसी मांगें शामिल हैं।
“जनता की सांसों से समझौता नहीं”
अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी ने साफ संकेत दिए हैं कि नगर क्षेत्र में रहने वाले लोगों को स्वच्छ वातावरण, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षित जीवन मिलना उनका पहला दायित्व है। उन्होंने यह भी संदेश दिया कि यदि प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों पर समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया, तो इसका खामियाजा आम जनता को गंभीर बीमारियों के रूप में भुगतना पड़ेगा।
नगरवासियों को कार्रवाई की उम्मीद
नगर पंचायत बोर्ड द्वारा पारित प्रस्ताव और उसके बाद भेजे गए पत्र के बाद अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल और स्टोन क्रेशरों से जुड़े प्रदूषण के मुद्दे पर ठोस कदम उठाए जाएंगे। लंबे समय से उठ रही जनता की आवाज को अब नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र लोटनी ने संस्थागत रूप देकर एक बड़े जनमुद्दे का रूप दे दिया है।

 

error: Content is protected !!