अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 📍 हरिद्वार से बड़ी खबर
बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़ा: प्रधानाचार्य गिरफ्तार, पैसों के लालच में दूसरी छात्रा से दिलवाई परीक्षा
एंकर — उत्तराखंड की बोर्ड परीक्षा में फर्जी प्रवेशपत्र के जरिए नकल कराने के सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की परीक्षा में हेरफेर कर छात्रा को पास कराने की साजिश रचने वाले एक प्रधानाचार्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामला रानीपुर क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने ट्यूशन पढ़ने वाली छात्रा के परिजनों से रुपये लेकर परीक्षा में पास कराने का झांसा देने वाले आरोपी को दबोचा। आरोपी ने छात्रा के स्थान पर दूसरी छात्रा को परीक्षा दिलवाने की योजना बनाई और इसके लिए फर्जी प्रवेशपत्र तक तैयार करा दिया।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने ज्वालापुर निवासी आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने खुद को अल्मोडिया इस्लामिक हाई स्कूल का प्रधानाचार्य बताया। साथ ही उसने “द सक्सेज प्वॉइंट” नाम से व्हाट्सऐप व सोशल मीडिया समूह के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग चलाने की बात भी स्वीकार की।
मामले पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
शहर के पुलिस अधीक्षक नगर अभय कुमार ने कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपी ने आर्थिक लाभ के लिए सुनियोजित तरीके से फर्जी प्रवेशपत्र तैयार कराया और परीक्षा व्यवस्था को धोखा देने का प्रयास किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विशेष अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
🎙️ बाइट — अभय कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर, हरिद्वार







