वन भूमि पर बुलडोज़र की आहट, लालकुआं में 135 दुकानें चिन्हित

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
लालकुआं में वन विभाग का डंडा, 135  दुकानों पर लाल निशान
लालकुआं | तराई केंद्रीय वन प्रभाग के टांडा रेंज द्वारा गुरुवार को ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में हाईवे किनारे बने अवैध प्रतिष्ठानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। दिनभर चले अभियान के दौरान वन विभाग की टीम ने कुल 135 दुकानों व अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर लाल निशान लगाकर उन्हें अतिक्रमण की श्रेणी में चिन्हित किया।
वन कर्मियों ने संबंधित दुकानदारों को 31 जनवरी तक स्वयं अतिक्रमण हटाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। तय समयसीमा के बाद जिला प्रशासन व पुलिस के सहयोग से बलपूर्वक अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान जैसे-जैसे दुकानों पर लाल निशान लगाए गए, क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मोटर मिस्त्रियों सहित अन्य व्यापारियों में भय और अनिश्चितता का माहौल देखने को मिला। कई दुकानदार आपस में चर्चा कर आगे की रणनीति और समाधान तलाशते नजर आए।
टांडा रेंज के डिप्टी रेंजर विशन राम आर्य ने बताया कि हाईवे किनारे लंबे समय से वन भूमि पर अवैध रूप से बने प्रतिष्ठानों को हटाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने साफ कहा कि निर्धारित अवधि के बाद किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी।
वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई के बाद लालकुआं क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने को लेकर हलचल तेज हो गई है, वहीं आने वाले दिनों में और बड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

 

error: Content is protected !!