एस एस पी नैनीताल ने पुलिस लाइन में परेड करवाकर पुलिस वालों की समस्याओं से रूबरू होते हुए जांची व्यवस्थाएं

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 संपादक 👉 उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 नैनीताल 👉नैनीताल। पुलिस बल को हर चुनौती के लिए तैयार रखने के उद्देश्य से एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने शुक्रवार को पुलिस लाइन नैनीताल में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया। इस दौरान जवानों की ड्रिल, शारीरिक फिटनेस, कार्यक्षमता और वेपन हैंडलिंग का गहन मूल्यांकन किया गया।

परेड में थानों, पुलिस लाइन, फायर सर्विस, सीपीयू और परिवहन शाखा के जवानों ने भाग लिया। महिला, पुरुष और यातायात पुलिस की अलग-अलग टोलियां बनाकर हथियार संचालन का अभ्यास कराया गया। वेपन हैंडलिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर महिला आरक्षी रेखा निखुरपा और किरन मेहता को एसएसपी द्वारा नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस फोर्स का हर कर्मी हथियारों के उपयोग में दक्ष होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत रहना जरूरी है। महिला कर्मियों से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और शस्त्रों की पूरी जानकारी रखने का आह्वान किया गया।
परेड के दौरान सभी प्रभारियों को आवंटित सरकारी वाहनों की फिटनेस, मेंटीनेंस और लॉग बुक की भी जांच की गई। संबंधित अधिकारियों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके उपरांत एसएसपी ने पुलिस लाइन स्थित मेस का निरीक्षण किया और जवानों के लिए मौसमी सब्जियों व शुद्ध पहाड़ी व्यंजनों को मेन्यू में शामिल करने के निर्देश मेस प्रभारी को दिए।
इस अवसर पर एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ रामनगर सुमित पांडे, सीओ नैनीताल रविकांत सेमवाल, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित सभी थाना, चौकी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

 

error: Content is protected !!