एसएसपी अजय गणपति की सख्ती— ऊधम सिंह नगर में गैस कालाबाजारी पर प्रशासन का चेकिंग अभियान: देखें वीडियो

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉
एसएसपी अजय गणपति की सख्ती— ऊधम सिंह नगर में गैस कालाबाजारी पर प्रशासन का चेकिंग अभियान

ऊधम सिंह नगर जिले में घरेलू गैस की कालाबाजारी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जिलेभर में गैस गोदामों और एजेंसियों पर चेकिंग अभियान चलाया गया।

जिले में गैस की कालाबाजारी और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय और पुलिस अधीक्षक क्राइम जगदीश चौधरी ने काशीपुर बायपास स्थित इंडेन गैस गोदाम, भुरारानी स्थित भारत गैस गोदाम और रामपुर रोड स्थित भारत गैस गोदाम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस बुकिंग और सिलेंडर आपूर्ति से संबंधित रिकॉर्ड की गहनता से जांच की। जांच में पाया गया कि बुकिंग संख्या और सिलेंडर आपूर्ति के बीच संतुलन बना हुआ है और किसी प्रकार की अनियमितता सामने नहीं आई।
अधिकारियों ने बताया कि कुछ उपभोक्ताओं की ऑनलाइन गैस बुकिंग नहीं हो पा रही थी, जिसके कारण वे सीधे गैस गोदाम पहुंच रहे थे और इससे अनावश्यक भीड़ और भ्रम की स्थिति बन रही थी।

अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि इंडेन गैस सर्विस ने अब ऑफलाइन गैस बुकिंग की सुविधा भी शुरू कर दी है। वहीं भारत गैस में ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया जारी है, लेकिन जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग नहीं हो पा रही है, उनकी बुकिंग एजेंसी के कर्मचारी एजेंसी पर ही ऑनलाइन कर रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्पष्ट कहा कि गैस की कालाबाजारी या कृत्रिम संकट पैदा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यदि कोई व्यक्ति या एजेंसी इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त पाई जाती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में आकर गैस गोदामों पर भीड़ न लगाएं। जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है।

बाईट एस एस पी रुद्रपुर अजय गणपति

 

error: Content is protected !!