अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हाईकोर्ट को धमकी भरा ई-मेल, आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने संभाली कमान
नैनीताल— अजय अनेजा
नैनीताल स्थित उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय को धमकी भरा ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कुमायूँ परिक्षेत्र की आईजी रिद्धिम अग्रवाल स्वयं मौके पर पहुंचीं और न्यायालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। उनके निर्देशन में पूरे क्षेत्र में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टी.सी., पुलिस अधीक्षक अपराध डॉ. जगदीश चंद्रा और पुलिस अधिकारी राकेश बिष्ट सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। आईजी ने एसएसपी को तीन दिन के भीतर सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत ऑडिट कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
न्यायालय परिसर में सघन चेकिंग, एंटी-सैबोटाज जांच, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते द्वारा गहन तलाशी ली गई। सभी प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर आगंतुकों की कड़ी जांच की जा रही है।
सुरक्षा और मजबूत करने के लिए स्थानीय पुलिस के साथ उत्तराखण्ड एटीएस और राज्य एसटीएफ को भी तैनात किया गया है। बार एसोसिएशन नैनीताल द्वारा अधिकृत पत्र के आधार पर ही बाहरी व्यक्तियों की एंट्री सुनिश्चित की जाएगी।
साथ ही सीसीटीवी की 24×7 निगरानी, ई-मेल की तकनीकी जांच और न्यायालय परिसर में आने वाले हर बाहरी व्यक्ति का विस्तृत रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मामले की गहन जांच जारी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।
बाइट — आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल (उत्तराखंड जागरण)







