राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में महतोष-नवाबगंज सड़क को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, जाम लगाकर किया जोरदार विरोध

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉 गदरपुर 👉
राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में महतोष-नवाबगंज सड़क को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, जाम लगाकर किया जोरदार विरोध

रुद्रपुर। महतोष से नवाबगंज तक करीब चार किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण वर्षों से लंबित रहने पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए ग्रामीण रतनपुरी स्थित शिव मंदिर के पास एकत्र हुए और मुख्य मार्ग पर धरना देकर घंटों जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया।


ग्रामीणों के आंदोलन को समर्थन देने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने सरकार व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार किया। ग्रामीणों का आरोप है कि महतोष-नवाबगंज मार्ग की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि इस पर चलना भी मुश्किल हो गया है।
सबसे विडंबनापूर्ण स्थिति यह है कि इस सड़क का जनप्रतिनिधियों द्वारा औपचारिक शिलान्यास भी किया जा चुका है, लेकिन मौके पर पत्थर लगने के बावजूद निर्माण कार्य एक इंच भी आगे नहीं बढ़ा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नेता केवल नारियल फोड़ने और फीता काटने तक सीमित रह गए हैं, जबकि जनता धूल, कीचड़ और जानलेवा गड्ढों के बीच सफर करने को मजबूर है।
रतनपुरी, रतनपुरा, अलखदेवी, महतोष, संजय नगर और नवाबगंज से पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि इस जर्जर सड़क पर दिन-रात भारी डंपर और ट्रक गुजरते हैं, जिससे सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। आए दिन दुर्घटनाएं होने से इस मार्ग पर सफर करना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है।
दोपहर बाद लोक निर्माण विभाग के जेई हरीश बसेड़ा और सचिन नौटियाल मौके पर पहुंचे, जहां राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उनका घेराव कर जमकर नाराजगी जताई। ठुकराल ने कहा कि शिलान्यास के बाद भी बजट और कार्य की स्थिति स्पष्ट न होना प्रशासन की विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मिलकर लोक निर्माण विभाग कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। वहीं लोनिवि अधिकारियों ने जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।
धरना-प्रदर्शन में ग्राम प्रधान प्रदीप सिंह बतरा, उज्जवल सिंह, मुख्त्यार सिंह, भजनीक सिंह, गुरदीप सिंह, गगनदीप सिंह, सरदार सिंह, बलविंदर सिंह, भूपेन्द्र सिंह, मलकीत सिंह, मंजीत सिंह, गुरबाज सिंह, रणजीत सिंह, पवनदीप, रामपाल, लाल चन्द्र, जोगेन्द्र सिंह, बलिहार सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

 

error: Content is protected !!