अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 निरस्त प्रेस मान्यता मामलों पर सकारात्मक पहल, पत्रकारों के नवीनीकरण का जल्द आश्वासन
देहरादून। विभिन्न जिलों में पत्रकार साथियों की निरस्त की गई प्रेस मान्यता के मामलों को लेकर श्रमजीवी पत्रकार यूनियन का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को सूचना विभाग के अधिकारियों से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश शास्त्री और महामंत्री विश्वजीत सिंह नेगी ने किया।
इस दौरान सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी तथा अपर निदेशक आशीष त्रिपाठी से विस्तार से वार्ता हुई। बैठक में पत्रकारों की निरस्त की गई प्रेस मान्यता का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
वार्ता के बाद अधिकारियों की ओर से सकारात्मक आश्वासन दिया गया कि जिन पत्रकारों पर आपराधिक मामले दर्ज नहीं हैं, उनके निरस्त मान्यता से जुड़े सभी मामलों का शीघ्र निस्तारण कर पुनः प्रेस मान्यता का नवीनीकरण किया जाएगा।
बैठक में हल्द्वानी के पत्रकार दीपक अधिकारी के प्रकरण पर भी सार्थक चर्चा हुई।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन अपने साथियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और सभी पत्रकारों से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में संगठनात्मक एकता ही सबसे बड़ी ताकत है।







