अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
त्योहारों से पहले खाद्य विभाग का बड़ा शिकंजा, हल्द्वानी में पनीर-मिठाइयों के नमूने लिए
हल्द्वानी। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने हल्द्वानी में विशेष अभियान शुरू कर दिया है। माननीय मुख्यमंत्री के आदेश तथा खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखंड, देहरादून और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में सोमवार, 24 अगस्त 2026 को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हल्द्वानी के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।

त्योहारी सीजन में आम लोगों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ एवं मिठाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान के दौरान विभागीय टीम ने कई प्रतिष्ठानों की जांच की। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ-साथ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य स्वच्छता की स्थिति का भी जायजा लिया।
अभियान के दौरान पनीर, बताशा/बतीसा, पेड़ा और रसगुल्ला के नमूने नियमानुसार संग्रहित किए गए। विभाग के अनुसार इन सभी नमूनों को खाद्य विश्लेषक के माध्यम से परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है तो संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
साफ-सफाई में कमी मिली, जारी किया नोटिस
निरीक्षण के दौरान एक खाद्य प्रतिष्ठान में खाद्य स्वच्छता एवं साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
त्योहारों तक जारी रहेगा मिलावट के खिलाफ अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारों को देखते हुए मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों और विनियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य किसी व्यापारी को परेशान करना नहीं, बल्कि त्योहारों के दौरान बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना है। विभाग द्वारा आगे भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेने की कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
इन अधिकारियों की रही प्रमुख भूमिका
विशेष अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी, नैनीताल श्री अजब सिंह रावत के निर्देशन में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्द्वानी/नैनीताल सर्किल श्री अभय कुमार सिंह सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए।
त्योहारों से ठीक पहले हल्द्वानी में खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी मिठाई, दूध, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर जांच अभियान और तेज किया जाएगा।

