अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
देहरादून में राहुल गांधी का सरकार पर तीखा हमला: “पेपर लीक ने छात्रों के सपने छीने, परीक्षा व्यवस्था में बड़े सुधार जरूरी”
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अभ्यर्थियों और दिवंगत रिया थापा के परिजनों से मिले राहुल गांधी, नीट पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं को लेकर सरकार को घेरा।
देहरादून। उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने नीट पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र व राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।
राहुल गांधी दोपहर करीब 1:30 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने दिवंगत कांग्रेस कार्यकर्ता के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, नीट परीक्षा में असफल रहने के बाद जान गंवाने वाली छात्रा रिया थापा के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
बाद में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करने के पश्चात राहुल गांधी बन्नू स्कूल मैदान पहुंचे, जहां आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से सीधे संवाद किया। अभ्यर्थियों ने भर्ती परीक्षाओं में देरी, पेपर लीक और चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर राहुल गांधी ने दिवंगत रिया थापा के पिता से भी बातचीत की और उनकी पीड़ा को सुना। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों मेहनती छात्रों और उनके परिवारों के सपनों को गहरी चोट पहुंचाई है। उन्होंने सरकार को इस पूरे मामले में जवाबदेह ठहराते हुए कहा कि देश की परीक्षा प्रणाली में व्यापक और पारदर्शी सुधार किए जाने की आवश्यकता है, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।
राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के साथ न्याय होना चाहिए और ऐसी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, जिसमें मेहनत करने वाले युवाओं का भविष्य किसी भ्रष्टाचार या लापरवाही की भेंट न चढ़े। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
