गैस संकट पर मैदान में उतरे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, एजेंसी पहुंचकर सुनी उपभोक्ताओं की समस्या

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
गैस संकट पर मैदान में उतरे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, एजेंसी पहुंचकर सुनी उपभोक्ताओं की समस्या

गैस आपूर्ति बाधित होने पर सक्रिय हुए राजकुमार ठुकराल
रुद्रपुर। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में घरेलू गैस की आपूर्ति को लेकर उत्पन्न हुई समस्या पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सक्रियता दिखाते हुए स्वयं मोर्चा संभाल लिया। गुरुवार को क्षेत्र की विभिन्न गैस एजेंसियों से गैस आपूर्ति में दिक्कतों की शिकायतें सामने आने लगीं, जिसके बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं, खासकर महिलाओं के फोन उनके पास पहुंचने लगे। महिलाओं ने घरेलू गैस की कमी से हो रही परेशानी बताते हुए उनसे तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल तुरंत इंडियन गैस एजेंसी पहुंचे और वहां मौजूद उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और उपभोक्ताओं को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या को प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द समाधान हो सके।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल तहसीलदार को मौके पर बुलाया और गैस आपूर्ति में आ रही बाधाओं के संबंध में जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया। इस क्रम में उन्होंने उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति तथा अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय से भेंट कर जिले में उत्पन्न हो रही गैस आपूर्ति की समस्या को विस्तार से रखा।
पूर्व विधायक ठुकराल ने अधिकारियों से मांग की कि घरेलू गैस की आपूर्ति व्यवस्था को जल्द से जल्द सुचारू कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि गैस जैसी आवश्यक सुविधा में बाधा आने से आम परिवारों की दिनचर्या प्रभावित होती है और सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ती है, इसलिए प्रशासन को इस विषय को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कदम उठाने चाहिए।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याएं उनकी प्राथमिकता हैं और वह हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र की जनता को जब भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ेगा, वह सबसे पहले उनके बीच पहुंचकर उनकी आवाज प्रशासन तक पहुंचाने और समाधान कराने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

 

error: Content is protected !!