आईजी निवेदिता कुकरेती ने परखी बेतालघाट थाने की व्यवस्था, पुलिसिंग और निर्माण कार्यों पर दिए कड़े निर्देश

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 नैनीताल 👉
आईजी निवेदिता कुकरेती का बेतालघाट थाने में औचक निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर दिए सख्त निर्देश
बेतालघाट। पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुमाऊं निवेदिता कुकरेती ने शुक्रवार को थाना बेतालघाट का विस्तृत निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था, जनसुनवाई और निर्माणाधीन थाना परिसर की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, ऑनलाइन पोर्टलों को नियमित अपडेट रखने तथा जनता की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


आईजी निवेदिता कुकरेती ने थाना कार्यालय, आगंतुक कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष, मालखाना, हवालात और बैरकों का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, अनुशासन और जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
निर्माणाधीन थाना भवन और परिसर का निरीक्षण करते हुए आईजी ने कार्यदायी संस्था को सुरक्षा और जनसुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने परिसर की बाउंड्री के साथ व्यापक पौधरोपण, महिला और पुरुष हवालात में बेहतर वेंटिलेशन के लिए अतिरिक्त खिड़कियां, बैरकों में एग्जॉस्ट फैन तथा थाना प्रभारी कक्ष को अधिक पब्लिक-फ्रेंडली बनाने के लिए पारदर्शी खिड़की लगाने के निर्देश दिए।
आईजी निवेदिता कुकरेती ने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं ताकि पुलिस कर्मियों और आम जनता को आधुनिक सुविधाओं से युक्त थाना परिसर का जल्द लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान एसपी भवन रेवाधर मठपाल, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, थानाध्यक्ष विजय नेगी, सहायक अभियंता जयांक पांडे, भवन लिपिक दीपा मिराल सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!