डीएम ललित मोहन रयाल सख्त— बनभूलपुरा में 20 मार्च से लगेंगे पुनर्वास कैंप, 5300 परिवारों तक पहुंचेगी टीम :देखें वीडियो

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देश पर बनभूलपुरा में 20 मार्च से लगेंगे पुनर्वास कैंप

हल्द्वानी, 15 मार्च 2026 (सूवि)। बनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में माननीय उच्चतम न्यायालय के 24 फरवरी 2026 के आदेश के अनुपालन में जिला प्रशासन नैनीताल और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बनभूलपुरा क्षेत्र में 20 से 31 मार्च 2026 तक पुनर्वास संबंधी विशेष शिविर लगाए जाएंगे।


इस संबंध में रविवार को जिलाधिकारी कैंप कार्यालय हल्द्वानी में जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और रेलवे अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में उच्चतम न्यायालय के आदेशों के समयबद्ध और प्रभावी अनुपालन पर जोर दिया गया।


बैठक में बताया गया कि बनभूलपुरा क्षेत्र के छह स्थानों— रेलवे स्टेशन हल्द्वानी, अंजुमन इस्लामिया बालिका पूर्व माध्यमिक विद्यालय किदवई नगर, राजकीय प्राथमिक विद्यालय बनभूलपुरा, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज बनभूलपुरा, राजकीय इंटर कॉलेज बनभूलपुरा और मदरसा नैनीताल पब्लिक स्कूल में पुनर्वास से जुड़े विशेष कैंप लगाए जाएंगे।


राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीप कुमार मणि त्रिपाठी ने बताया कि लगभग 5300 से अधिक प्रभावित परिवारों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। इन परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित जानकारी दी जाएगी और पात्र लोगों के आवेदन भरवाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने निर्देश दिए कि स्थानीय पार्षदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही आवेदकों को वितरित किए जाने वाले फॉर्म की पात्रता की गहन जांच भी समय पर पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ तय समय सीमा में अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करें और उच्चतम न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें।
बैठक से पूर्व राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला प्रशासन की टीम ने सभी छह कैंप स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित प्रशासन, पुलिस और रेलवे के कई अधिकारी मौजूद रहे।

 

error: Content is protected !!