अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉
एसएसपी अजय गणपति की सख्ती: मुठभेड़ में कुख्यात असलाह सप्लायर बंटी कोली गिरफ्तार, 9 अवैध तमंचे और पिस्टल बरामद
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री के “अपराध मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत कुमाऊं आई जी रिद्धिम अग्रवाल के द्वारा कुमाऊं में अपराधों को खत्म करने को लेकर चलाए जा रहे मिशन के तहत उधम सिंह नगर पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में रुद्रपुर में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में कुख्यात असलाह सप्लायर बंटी कोली को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शातिर अपराधी बंटी कोली अपने साथी मनोज कुमार के साथ अवैध हथियारों की डिलीवरी देने रुद्रपुर के मोदी मैदान क्षेत्र में आने वाला है। सूचना मिलते ही एसओजी और पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दी।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि पुलिस टीम को देखते ही बंटी कोली ने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें बंटी कोली के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7 तमंचे 315 बोर, 1 तमंचा 12 बोर, 1 पिस्टल 30 बोर, 18 से अधिक कारतूस, एक मोटरसाइकिल और नगदी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक बंटी कोली पर पहले से ही आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वर्ष 2024 में उसे जिला बदर भी किया जा चुका है। वह लंबे समय से जिले में अवैध हथियारों की सप्लाई कर रहा था और एसटीएफ को भी उसकी तलाश थी।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अवैध हथियारों की तस्करी और अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अवैध हथियारों का यह नेटवर्क किन-किन लोगों तक फैला हुआ है।







