अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 🛑 उत्तराखंड जागरण
नव संवत्सर पर शुभकामनाएं, आबकारी विभाग के 8 नए शराब ठेके—फैसले पर उठे सवाल
नैनीताल। नव संवत्सर, चैत्र नवरात्रि, चेटीचंड, गुड़ी पड़वा और उगादी के पावन अवसर पर जहां पूरे देश में आस्था, उत्साह और उल्लास का माहौल है, वहीं नैनीताल जिले में आबकारी विभाग के एक फैसले ने नई चर्चा छेड़ दी है।
एक ओर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा नव संवत्सर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए नए संकल्प, सकारात्मकता और माँ भगवती की कृपा की कामना की जा रही है, वहीं दूसरी ओर आबकारी विभाग द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 8 नई शराब की दुकानें खोलने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार बजून-कालाढूंगी रोड, रामनगर-काशीपुर रोड, पंचायत घर से गन्ना सेंटर रोड, ढिकुली-मोहान रोड और रातीघाट समेत कई क्षेत्रों में ये नए ठेके प्रस्तावित हैं। पहले इन इलाकों में शराब की दुकानें न होने के कारण लोगों को कालाढूंगी, गौलापार-चोरगलिया और रामनगर के मालधन रोड तक जाना पड़ता था।
अब नई दुकानों के खुलने से जहां एक वर्ग इसे सुविधा के रूप में देख रहा है, वहीं कई लोग इसे धार्मिक पर्वों के बीच लिया गया विरोधाभासी फैसला मान रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक तरफ धार्मिक आस्था और सकारात्मकता का संदेश दिया जा रहा है, तो दूसरी तरफ शराब के ठेके खोलने का निर्णय सामाजिक दृष्टि से सवाल खड़े करता है।
फिलहाल, आबकारी विभाग का यह कदम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे लेकर अपनी-अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं।
