अजय अनेजा पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 🔴
हल्द्वानी में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई — 12 मदिरा दुकानों पर छापेमारी, कई अनियमितताएं उजागर
हल्द्वानी, 15 अप्रैल 2026
जनपद नैनीताल के हल्द्वानी क्षेत्र में संचालित देशी एवं विदेशी मदिरा दुकानों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर आबकारी विभाग ने बुधवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाते हुए कुल 12 मदिरा दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

यह कार्रवाई काठगोदाम, नैनीताल रोड, तिकोनिया, लोहरियासाल एवं कुसुमखेड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्थित देशी और विदेशी मदिरा दुकानों पर की गई। निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने दुकानों के स्टॉक, रेट लिस्ट, सीसीटीवी व्यवस्था और अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहनता से जांच की।
जांच में कई दुकानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। प्रमुख रूप से स्टॉक रजिस्टर का सही तरीके से संधारण न किया जाना, सीसीटीवी कैमरों का बंद पाया जाना तथा मदिरा के नए निर्धारित मूल्यों का रेट लिस्ट में अंकन न होना शामिल रहा। इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित दुकानों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई और आगे की प्रशमनात्मक कार्रवाई हेतु मामला जिला आबकारी अधिकारी, नैनीताल को भेजा गया है।
आबकारी विभाग ने सभी अनुज्ञापियों और विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित दरों पर ही मदिरा की बिक्री सुनिश्चित करें और सभी व्यवस्थाएं नियमों के अनुरूप रखें। चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में पुनः अनियमितताएं पाई गईं तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस छापेमारी अभियान में आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र सिंह बिष्ट, उप आबकारी निरीक्षक कैलाश चंद जोशी एवं प्रधान आबकारी सिपाही चंद्रशेखर कांडपाल सहित अन्य विभागीय कर्मी मौजूद रहे।
प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और मदिरा कारोबारियों में नियमों के पालन को लेकर गंभीरता बढ़ी है







