अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ‘ऑपरेशन प्रहार’ तेज, 5 अभियुक्त गिरफ्तार; 13,500 लीटर लहन और 3 अवैध भट्टियां नष्ट
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत व्यापक अभियान चलाया। जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 94 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इसके अतिरिक्त करीब 13,500 लीटर लहन नष्ट किया गया और अवैध शराब बनाने के लिए संचालित तीन भट्टियों को ध्वस्त किया गया। पुलिस ने शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं। अभियान के तहत कोतवाली ट्रांजिट कैंप, काशीपुर, खटीमा, गदरपुर और थाना केलाखेड़ा पुलिस ने कार्रवाई की।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर जनपद में अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध कच्ची शराब बनाने, बेचने और भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, अवैध शराब निर्माण के कुछ ठिकानों से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है।
ट्रांजिट कैंप पुलिस ने राजा को किया गिरफ्तार
कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस टीम ने पीलीकोठी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए राजा पुत्र राकेश, निवासी पक्का खेड़ा, वार्ड नंबर 19, रुद्रपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 73 पाउच में करीब 24 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 340/2026, धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। बरामद शराब को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
काशीपुर में 3,500 लीटर लहन नष्ट, दो आरोपी फरार
कोतवाली काशीपुर पुलिस ने ग्राम रम्पुरा में अवैध कच्ची शराब बनाने की सूचना पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 3,500 लीटर लहन नष्ट किया तथा 60 लीटर अवैध कच्ची शराब और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद रजत सिंह उर्फ बूटा सिंह और राज सिंह, दोनों निवासी ग्राम रम्पुरा, पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गए। दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
खटीमा में तीरथ राज सिंह गिरफ्तार
कोतवाली खटीमा की सत्रहमील-मझौला पुलिस चौकी टीम ने श्मशान घाट रोड, मझौला गांव में पुलिया के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान तीरथ राज सिंह पुत्र दलजीत सिंह, निवासी रुद्रपुर, हाल निवासी मझौला, खटीमा को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 40 पाउच अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
गदरपुर पुलिस ने वीर सिंह और लवजीत सिंह को पकड़ा
कोतवाली गदरपुर पुलिस ने अवैध कच्ची शराब के विरुद्ध दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में वीर सिंह पुत्र नेत्रपाल सिंह, निवासी कोपा कृपाली, गूलरभोज को 20 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
दूसरी कार्रवाई में लवजीत सिंह पुत्र मुख्यियार सिंह, निवासी सिकरौरा, थाना बिलासपुर, जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी पंजाबी ढाबा, महतोष को 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध धारा 60(1) आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा अपराध संख्या 220/2026 और 221/2026 पंजीकृत किया है। बरामद शराब को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
केलाखेड़ा में निर्मल सिंह गिरफ्तार, तीन भट्टियां ध्वस्त
थाना केलाखेड़ा पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान निर्मल सिंह पुत्र शेर सिंह, निवासी सुंदरनगर, थाना नानकमत्ता, हाल निवासी ग्राम सरकड़ी, थाना केलाखेड़ा को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक प्लास्टिक जरीकेन में 10 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस ने उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की।
इसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बेरिया दौलत क्षेत्र के ग्राम तोता बेरिया में खेतों के बीच अवैध कच्ची शराब बनाने के ठिकाने पर विशेष कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मौके पर शराब निर्माण के लिए लगाई गई तीन अवैध भट्टियों को ध्वस्त किया और करीब 10,000 लीटर लहन नष्ट किया। शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, अवैध शराब निर्माण में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान जारी
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ऊधम सिंह नगर पुलिस अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब अथवा अन्य मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

