एसएसपी अजय गणपति के ‘ऑपरेशन सफाया’ से नानकमत्ता में हड़कंप, 10 तमंचों के साथ 10 गिरफ्तार; 350 लीटर कच्ची शराब बरामद: देखें वीडियो

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
एसएसपी अजय गणपति के ‘ऑपरेशन सफाया’ से नानकमत्ता में हड़कंप, 10 तमंचों के साथ 10 गिरफ्तार; 350 लीटर कच्ची शराब बरामद
10 घंटे तक चला पुलिस का सघन अभियान, 10 पुलिस टीमों ने की कार्रवाई; 14 संदिग्ध हिरासत में, दो वारंटी भी गिरफ्तार
नानकमत्ता। ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सफाया’ के तहत नानकमत्ता क्षेत्र में पुलिस ने व्यापक अभियान चलाकर अवैध असलहा रखने वालों, कच्ची शराब के कारोबारियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। करीब 10 घंटे तक चले इस अभियान में पुलिस ने 10 अवैध तमंचों के साथ 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 13 कारतूस और तीन खोखा कारतूस भी बरामद किए गए। वहीं, अवैध कच्ची शराब के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 350 लीटर से अधिक शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब बनाने वाली चार भट्टियां नष्ट करने के साथ करीब 10 हजार लीटर लहन भी नष्ट किया।


एसएसपी अजय गणपति स्वयं अभियान के दौरान मौजूद रहे। ऑपरेशन की जिम्मेदारी एसपी सिटी रुद्रपुर को सौंपी गई थी। क्षेत्राधिकारी खटीमा, क्षेत्राधिकारी काशीपुर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में नानकमत्ता पुलिस के नेतृत्व में 10 पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग और निरोधात्मक कार्रवाई की। अभियान में झनकईया, पुलभट्टा और दिनेशपुर थानों के पुलिसकर्मियों के साथ खटीमा क्षेत्र के पुलिस बल, एसओजी, पीएसी, पुलिस लाइन और पुलिस कार्यालय की टीमों ने भी भाग लिया।


अवैध असलहों पर पुलिस का शिकंजा
अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 10 अवैध तमंचे बरामद किए। इनमें 315 बोर और 12 बोर के तमंचे शामिल बताए गए हैं। पुलिस ने 13 कारतूस और तीन खोखा कारतूस भी बरामद किए हैं। अवैध हथियारों की बरामदगी के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कच्ची शराब की भट्टियां ध्वस्त, 10 हजार लीटर लहन नष्ट
अवैध कच्ची शराब के कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 350 लीटर से अधिक अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इसके अतिरिक्त पुलिस टीमों ने चार कच्ची शराब की भट्टियों को नष्ट कर लगभग 10 हजार लीटर लहन नष्ट किया। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
14 संदिग्ध हिरासत में, दो वारंटी गिरफ्तार
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने 14 संदिग्ध व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 172 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई के लिए संरक्षण में लिया। इसके अलावा लंबे समय से वांछित दो वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सात क्यूआर कोड स्कैनर और 12 लाख रुपये नकद बरामद
अभियान के दौरान एक अन्य संदिग्ध व्यक्ति के पास से सात क्यूआर कोड स्कैनर और करीब 12 लाख रुपये नकद बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को इस मामले में साइबर अपराध की आशंका है। बरामद सामान और नकदी के संबंध में जांच की जा रही है। हालांकि, साइबर अपराध में संबंधित व्यक्ति की संलिप्तता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
अन्य क्षेत्रों में भी चलेंगे अभियान
एसएसपी अजय गणपति ने अपराध नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस के अनुसार, जनपद के अलग-अलग थाना और कोतवाली क्षेत्रों में भी इसी तरह के अभियान चलाए जाएंगे। अवैध तमंचों, साइबर अपराध, कच्ची शराब और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानून के दायरे में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ऑपरेशन सफाया के तहत हुई इस कार्रवाई से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अवैध हथियारों, कच्ची शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।