अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉
रुद्रपुर आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह का तराई में बड़ा एक्शन, 3 अवैध शराब भट्टियां ध्वस्त; 15 हजार किलो लहन नष्ट, 160 लीटर कच्ची शराब बरामद
काशीपुर क्षेत्र में आबकारी विभाग का ताबड़तोड़ अभियान, 6 मुकदमे दर्ज; शराब माफियाओं में मचा हड़कंप
रुद्रपुर। तराई क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब माफियाओं पर करारा प्रहार किया है। जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में काशीपुर क्षेत्र में तीन अवैध शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया। अभियान के दौरान लगभग 15 हजार किलोग्राम लहन मौके पर ही नष्ट किया गया, जबकि 160 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस कार्रवाई में आबकारी अधिनियम के तहत 6 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के तहत टीम ने सबसे पहले ग्राम रम्पुरा में नालों और खेतों के बीच संचालित अवैध शराब निर्माण के अड्डों पर छापेमारी की। यहां तीन अवैध भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया तथा शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 15 हजार किलोग्राम लहन मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। तलाशी के दौरान लगभग 130 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में चार अभियोग दर्ज किए गए।
इसके बाद आबकारी टीम ने ढकिया गुलाबो और गिन्नी खेड़ा क्षेत्रों में भी ताबड़तोड़ दबिश दी। यहां से करीब 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा-60 के तहत दो मुकदमे दर्ज किए गए।
जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि तराई क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी कीमत पर अवैध शराब के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।
इस विशेष अभियान का नेतृत्व आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने किया। उनके साथ उप आबकारी निरीक्षक आशीष सिद्दीकी, प्रधान आबकारी सिपाही कैलाश चंद्र भट्ट, आबकारी सिपाही कृष्ण चंद्र आर्या, सुनीता रानी, सुमन आर्या, नैनिका राणा एवं अंजली गोसाईं सहित विभाग की टीम मौजूद रही।
आबकारी विभाग ने साफ किया है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और शराब माफियाओं पर सख्त कार्रवाई में किसी भी प्रकार की ढील नहीं बरती जाएगी।
