अजय अनेजा पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 🛑 बाघ एक्सप्रेस में महिला से जेवर-नकदी उड़ाई, लालकुआं के पास वारदात से हड़कंप
लालकुआं। गोरखपुर से लालकुआं आ रही ट्रेन संख्या 13019 बाघ एक्सप्रेस में 15 मार्च की सुबह हल्दी रेलवे स्टेशन के पास एक महिला यात्री के साथ शातिर चोरी की घटना सामने आई है। वारदात के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई।
कुशीनगर के मेहम्दा जमीं सिकटीया निवासी प्रतिमा राव अपने बच्चे के साथ एस-6 कोच में यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान पांच युवकों ने उन्हें घेर लिया। एक युवक ने सामान उतारने में मदद का झांसा देकर उनका ट्रॉली बैग दरवाजे के पास ले गया।
जब प्रतिमा ने बैग वापस लेने की कोशिश की तो तीन अन्य युवकों ने उन्हें घेर लिया, जबकि एक युवक ने उनके बच्चे का ध्यान भटका दिया। इसी दौरान बदमाशों ने बैग की चेन काटकर बटुआ निकाल लिया और लालकुआं स्टेशन पहुंचते ही फरार हो गए।
पीड़िता ने तुरंत अपने पति को सूचना दी। बैग की जांच करने पर सोने की चेन, अंगूठी और करीब चार हजार रुपये नकद गायब मिले। महिला ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई और लालकुआं जीआरपी को भी अवगत कराया।
इस संबंध में जीआरपी काठगोदाम में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जीआरपी एसओ कमल कोरंगा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
👉 ट्रेन में सक्रिय गिरोह से यात्रियों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल







