चिल्ड्रन्स एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आधुनिक शूटिंग रेंज का भव्य शुभारंभ, निशानेबाजी को मिला नया मंच

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 हल्दुचौड़ं 👉
चिल्ड्रन्स एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आधुनिक शूटिंग रेंज का भव्य शुभारंभ, निशानेबाजी को मिला नया मंच
हल्दूचौड़ स्थित चिल्ड्रन्स एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित क्षेत्र की पहली राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग रेंज का उत्साहपूर्वक शुभारंभ किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल अविजीत मेहरा (सीओ 79 बीएन एनसीसी, नैनीताल) उपस्थित रहे। उनके विद्यालय आगमन पर निदेशक श्री श्रीष पाठक द्वारा पौध भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।


कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में स्थापित शूटिंग रेंज के विधिवत उद्घाटन के साथ हुई। मुख्य अतिथि ने रिबन काटकर शूटिंग रेंज का शुभारंभ किया तथा एयर गन से निशानेबाजी कर इसका औपचारिक उद्घाटन किया। इस दौरान उपस्थित विद्यार्थियों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
शूटिंग रेंज के उद्घाटन के पश्चात कार्यक्रम का अगला चरण कृष्ण स्वरूप मेमोरियल ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया, जहाँ विद्यार्थियों ने प्रभावशाली ढंग से कार्यक्रम का संचालन किया।
अपने प्रेरणादायक संबोधन में मुख्य अतिथि कर्नल अविजीत मेहरा ने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें सही दिशा में विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भारतीय सेना में शामिल होने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सेना के अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति की भावना से विद्यार्थियों को अवगत कराया। साथ ही सेना द्वारा आपदा प्रबंधन एवं राष्ट्रीय सेवा में निभाई जाने वाली महत्वपूर्ण भूमिका की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सेना के प्रति सम्मान और उत्साह प्रदर्शित किया। शूटिंग रेंज की स्थापना से विद्यालय में निशानेबाजी के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुल गए हैं, जिससे छात्र-छात्राएँ अपनी प्रतिभा को निखार सकेंगे और भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।
कार्यक्रम के दौरान निदेशक श्रीष पाठक ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात निदेशक एवं प्रधानाचार्य द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रियांशी पाठक, प्रधानाचार्या मोनिका जोशी, शैक्षिक समन्वयक रेनू मिश्रा, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमामय वातावरण में हुआ।

 

error: Content is protected !!