अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 हल्दुचौड़ं 👉
शॉपिंग की खुशियां मातम में बदलीं: कंटेनर से भिड़ी बाइक, युवक की मौत; दोस्त घायल
लालकुआं। हल्द्वानी से कपड़ों की खरीदारी कर घर लौट रहे दो दोस्तों की खुशियां रविवार दोपहर उस समय मातम में बदल गईं, जब उनकी तेज रफ्तार बाइक डिपो नंबर पांच के पास एक कंटेनर से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल एक युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि उसका साथी अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार बंगाली कॉलोनी (25 एकड़) निवासी अमन सिंह (26 वर्ष) अपने दोस्त अमन गुप्ता (28 वर्ष) के साथ रविवार को हल्द्वानी गए थे। बताया जा रहा है कि दोनों कपड़ों की खरीदारी कर बाइक से वापस लालकुआं लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक डिपो नंबर पांच के समीप पहुंची, उन्होंने आगे चल रहे कंटेनर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और सीधे कंटेनर से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अमन गुप्ता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हल्दूचौड़ में भर्ती कराया गया, जबकि अमन सिंह की हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय हल्द्वानी रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम दिखाई दी।
