अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉 छात्र संघ चुनाव और बारिश को लेकर SSP अजय गणपति अलर्ट
छात्र संघ चुनाव से बारिश तक SSP अजय गणपति का सख्त पहरा, अधिकारियों को वायरलेस पर दिए कड़े निर्देश
रुद्रपुर। छात्र संघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के साथ-साथ भारी बारिश से उत्पन्न संभावित परिस्थितियों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। SSP अजय गणपति ने वायरलेस सेट के माध्यम से जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट एवं कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
SSP ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्र संघ चुनाव से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाए। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रभावी गश्त सुनिश्चित की जाए। चुनाव के दौरान किसी भी विवाद, अव्यवस्था अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करे।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की लगातार मॉनिटरिंग करने तथा किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए।
भारी बारिश को लेकर भी पुलिस मुस्तैद
भारी बारिश के मद्देनजर SSP अजय गणपति ने जलभराव संभावित निचले इलाकों, संवेदनशील स्थानों और ऐसे मार्गों पर विशेष निगरानी रखने को कहा है, जहां बारिश के कारण आवागमन प्रभावित हो सकता है। पुलिस को स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
किसी क्षेत्र में जलभराव, सड़क बाधित होने या आमजन के सामने आपात स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिस को तत्काल मौके पर पहुंचकर सुरक्षा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है। बारिश के कारण यातायात प्रभावित होने की स्थिति में भी पुलिस तत्काल कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।
SSP का स्पष्ट संदेश
SSP अजय गणपति ने अधिकारियों से कहा कि छात्र संघ चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करें। वहीं भारी बारिश को देखते हुए संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए पहले से तैयार रहें और जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी करते हुए जरूरत पड़ने पर तत्काल मौके पर पहुंचें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव हो या बारिश से जुड़ी आपात स्थिति, किसी भी सूचना पर त्वरित रिस्पांस और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

